केरल में कब होगा मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण? सभी मंत्री साथ ही ले सकते हैं शपथ

Ankit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share

सोमवार यानी 18 मई को केरल के नए मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों के साथ शपथ लेंगे। इसके बाद 21 मई को विधायकों का शपथ ग्रहण होगा। कांग्रेस ने वीडी सतीशन को केरल का मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया है। 

केरल में कब होगा मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण? सभी मंत्री साथ ही ले सकते हैं शपथ

केरल के नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को आयोजित किया जाएगा और इसके साथ ही राज्य के नये मुख्यमंत्री वीडी सतीशन का कार्यकाल शुरू हो जाएगा। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) नेतृत्व ने संकेत दिया है कि सभी मंत्रियों के एक ही दिन एक साथ शपथ लेने की उम्मीद है, जिससे एक ही एकीकृत समारोह में नये मंत्रिमंडल का गठन पूरा हो जाएगा।

विधानसभा में शपथ ग्रहण

नवनिर्वाचित विधायकों के भी 21 मई को विधानसभा सत्र शुरू होने पर शपथ लेने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य सोमवार से पहले पूरे मंत्रिपरिषद को अंतिम रूप देना है ताकि सत्ता का सुचारू और निर्बाध हस्तांतरण सुनिश्चित हो सके। कांग्रेस नेतृत्व ने संकेत दिया है कि पूरा मंत्रिमंडल सोमवार को ही एक साथ पदभार ग्रहण करेगा।

कांग्रेस विधायक दल की बैठक समाप्त होने के बाद, सतीशन ने राज्यपाल से मुलाकात की और सरकार गठन की औपचारिक प्रक्रिया के तहत समर्थन पत्र सौंपा। शाम को आयोजित बैठक में श्री सतीशन को औपचारिक रूप से कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया। यह प्रस्ताव सनी जोसेफ द्वारा पेश किया गया था और तिरुवंचूर राधाकृष्णन ने इसका समर्थन किया था।

कांग्रेस आलाकमान द्वारा आधिकारिक तौर पर सतीशन को केरल का नया मुख्यमंत्री घोषित किए जाने के बाद, यूडीएफ ने सरकार गठन की प्रकिया तेज कर दी है और निर्धारित शपथ ग्रहण समारोह से पहले कैबिनेट व्यवस्था को पूरा करने के लिए तेजी से कदम उठाये हैं। कांग्रेस समिति के इस फैसले की जानकारी सीएलपी बैठक में सबसे पहले दीपा दास मुंशी ने दी। इसके बाद सनी जोसेफ, मुकुल वासनिक और सतीशन ने बैठक को संबोधित किया। श्री सतीशन ने के. सी. वेणुगोपाल के योगदान को स्वीकार किया और आग्रह किया कि वे कैबिनेट गठन की चर्चा के लिए केरल में मौजूद रहें। उन्होंने रमेश चेन्निथला को "हमारा नेता" भी बताया और पर्यवेक्षकों तथा दीपा दास मुंशी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने दोहराया कि नयी सरकार का मुख्य ध्यान सुशासन पर होगा। श्री वासनिक ने बैठक को संबोधित करते हुए सतीशन, चेन्निथला और वेणुगोपाल की प्रशंसा की और कहा कि श्री सतीशन जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में सक्षम एक मजबूत नेता हैं। उन्होंने केरल में पार्टी की चुनावी सफलता में श्री वेणुगोपाल की संगठनात्मक भूमिका पर भी प्रकाश डाला और कांग्रेस आंदोलन में श्री चेन्निथला के लंबे अनुभव और योगदान को स्वीकार किया।

सोमवार के शपथ ग्रहण के बाद 21 सदस्यीय मंत्रालय में मुख्यमंत्री सहित कांग्रेस के 11 मंत्री और साथ ही विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) होने की उम्मीद है। मनोनीत मुख्यमंत्री ने कहा है कि वरिष्ठ नेताओं के साथ परामर्श के बाद पार्टी द्वारा मंत्रियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जाति और समुदाय के संतुलन के साथ-साथ युवाओं, महिलाओं और अनुभवी नेताओं के प्रतिनिधित्व पर भी सावधानीपूर्वक विचार किया जाएगा।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें