जवाब नहीं दे पा रहा था पाकिस्तान, भारतीय सेना ने ऐसी कर दी थी हालत; मेजर ने सब बताया

Nisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share

अप्रैल की शुरुआत में नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने बताया कि भारतीय नौसेना समुद्र से पाकिस्तान पर कुछ ही मिनट में हमला करने वाली थी, लेकिन पाकिस्तान ने सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया था।

जवाब नहीं दे पा रहा था पाकिस्तान, भारतीय सेना ने ऐसी कर दी थी हालत; मेजर ने सब बताया

जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत की थी। अब भारत की इस जवाबी कार्रवाई के दौरान सेना का हिस्सा रहे मेजर आइम्सन इन्पियु ने बताया है कि एक समय के बाद पाकिस्तान की सेना बैकफुट पर आ गई थी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास दोबारा हमला करने की हिम्मत नहीं बची थी। 10 मई को पाकिस्तान के अनुरोध के बाद सीजफायर किया गया था।

लॉन्चपैड से की थी शुरुआत

मेजर इन्पियु ऑपरेशन सिंदूर के समय LOC पर कंपनी कमांडर की जिम्मेदारी निभा रहे थे। रिपब्लिक टीवी से बातचीत में उन्होंने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मैं लाइन ऑफ कंट्रोल पर कंपनी कमांडर था। जब ऑपरेशन शुरू हुआ, तो हमने दुश्मनों के लॉन्चपैड पर स्ट्राइक से शुरुआत की...। शुरुआत में दुश्मन ने भी गोलीबारी की थी और हमारे पास ऑर्डर थे कि हम यह करने वाले हैं। हमें पता था कि दुश्मनों की तरफ से जवाब आएगा। तो हम तैयार थे कि किस हथियार का इस्तेमाल करना है, किस बंकर में जाना है, क्या पोजिशन होगी...।'

उन्होंने कहा, '...जब स्ट्राइक हुई, तो दुश्मन लंबे समय तक जवाब नहीं दे पाया और अगले सुबह उसने शुरुआत की। दुश्मनों ने सपोर्ट वेपन्स से, अपनी एलएमजी मशीन गन्स से शुरुआत की थी। इसके बाद मोर्टार फेंके जाने लगे थे। हमारे इन्फेन्ट्री लेवल पर हम हर दिशा से उनका सामने कर रहे थे। हमारे हर हथियार के लिए एक खास बंकर था...।'

कितने दूर थे पाकिस्तानी

उन्होंने कहा, 'मेरे पास वाली कंपनी से पाकिस्तानी सिर्फ 70 मीटर की दूरी पर थे। और मैं 1500 मीटर की दूरी से गोलीबारी कर रहा था।' उन्होंने बताया कि हालात ऐसे थे कि 'अगर आप नहीं मारोगे तो वो मारेगा। आप डर गया तो खत्म है। जितना मौका मिलेगा, उतना मारो।'

क्या बैकफुट पर थे पाकिस्तानी

उन्होंने कहा कि हां पाकिस्तानी बैकफुट पर थे। उन्होंने कहा, 'हम लंबे समय से इंतजार कर रहे थे कि हमको छेड़कर दिखाओ। हमने अपने हर हथियार का इस्तेमाल करके देखा था। उन्होंने शुरुआत की, लेकिन जब हमने शुरुआत की तो उनके पास दोबारा जवाबी हमला करने की हिम्मत ही नहीं थी...।'

हमला करने वाली थी नौसेना

अप्रैल की शुरुआत में नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने बताया कि भारतीय नौसेना समुद्र से पाकिस्तान पर कुछ ही मिनट में हमला करने वाली थी, लेकिन पाकिस्तान ने सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया था। उन्होंने अभियान में नौसेना की भूमिका पर कहा, 'यह अब कोई छिपी हुई बात नहीं है कि जब पाकिस्तान ने सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया, तब हम समुद्र से उस पर कुछ ही मिनट में हमला करने वाले थे।'

10 मई को पाकिस्तान की तरफ से अनुरोध किए जाने के बाद दोनों मुल्कों के बीच सीजफायर किया गया था। बाद में पाकिस्तान ने भी भारतीय सेना की कार्रवाई और नुकसान की बात स्वीकारी थी।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें