सतीशन के CM बनने के बाद क्या था वेणुगोपाल का रिएक्शन, वायनाड में हो रहा था विरोध
केरल में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को 140 सीटों में से 102 सीटों के साथ दो तिहाई से अधिक बहुमत मिला है। पार्टी को राज्य में 10 वर्षों के बाद सरकार बनाने का मौका मिला है। इस जीत में सतीशन की बड़ी भूमिका रही है।

कांग्रेस ने केरल के मुख्यमंत्री नाम का ऐलान गुरुवार को कर दिया है। पार्टी ने प्रदेश की कमान वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन को सौंपने का फैसला किया है। इसपर कांग्रेस दिग्गज केसी वेणुगोपाल ने सतीशन को शुभकामनाएं दी हैं। खास बात है कि वेणुगोपाल भी सीएम पद की रेस में थे। वह AICC यानी ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव हैं और उन्हें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का करीबी भी माना जाता है।
वेणुगोपाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'अंतिम निर्णय आ चुका है और कांग्रेस हाई कमान ने वीडी सतीशन को केरल सरकार के मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में चुना है। मैं इस निर्णय का पूरे दिल से स्वागत करता हूं। मैं वीडी सतीशन को इस पद के लिए बधाई देता हूं। मुझे लगता है कि केरल की जनता ने यूडीएफ (UDF) के पक्ष में एक बड़ा जनादेश दिया है। वीडी सतीशन के नेतृत्व वाली सरकार केरल के लोगों के वादों को पूरा कर सकती है। निश्चित रूप से हम पूरी तरह से केरल सरकार के साथ हैं।'
केरलम कांग्रेस अध्यक्ष सन्नी जोसेफ ने कहा, ये बहुत अच्छा फैसला है, हम फैसले का स्वागत करते हैं...।' वहीं, कांग्रेस नेता अजय माकन ने बताया कि सभी की राय के बाद यह फैसला लिया गया है।
रेस में थे तीन नेता
केरल में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को 140 सीटों में से 102 सीटों के साथ दो तिहाई से अधिक बहुमत मिला है। पार्टी को राज्य में 10 वर्षों के बाद सरकार बनाने का मौका मिला है। इस जीत में सतीशन की अहम भूमिका मानी जा रही है। नेता पक्ष की दौड़ में रमेश चेनीथल्ला, के सी वेणुगोपाल भी शामिल थे।
आलाकमान का होने लगा था विरोध
खबरें आई थीं कि केरल में प्रियंका गांधी वाड्रा के संसदीय क्षेत्र वायनाड में कांग्रेस आलाकमान का विरोध शुरू हो गया था। वेणुगोपाल को सीएम बनाए जाने की अटकलों के बीच यहां कांग्रेस नेताओं के खिलाफ पोस्टर देखे गए थे।
पीटीआई भाषा के अनुसार, वायनाड जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के पास लगाए गए अंग्रेजी में लिखे इन पोस्टर में चेतावनी दी गई है कि यदि के सी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री चुना गया, तो केरल की जनता आलाकमान को माफ नहीं करेगी। एक पोस्टर में दावा किया गया है कि यदि ऐसा फैसला लिया गया तो वायनाड 'अगला अमेठी' बन जाएगा।
केसी वेणुगोपाल पर साधा था निशाना
पोस्टर में वेणुगोपाल की आलोचना करते हुए उन्हें राहुल गांधी का "बैग ढोने वाला" बताया गया है और चेतावनी दी गई है कि यदि उन्हें नेतृत्व का समर्थन मिला तो विरोध प्रदर्शन तेज होगा। कुछ पोस्टर में सीधे तौर पर राहुल और प्रियंका को निशाना बनाते हुए कहा गया है कि केरल उनके 'मूर्खतापूर्ण फैसलों' को माफ नहीं करेगा। पोस्टर में गांधी भाई-बहन को वायनाड भूल जाने की चेतावनी देते हुए कहा गया है कि वे दोबारा इस क्षेत्र से जीत नहीं पाएंगे।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें

