देखते हैं भारत में..., पाकिस्तान ने दिया RSS नेता की बात का रिप्लाई
होसबाले ने कहा था, 'किसी भी देश की सुरक्षा और आत्मसम्मान की रक्षा करना आवश्यक है और मौजूदा सरकार को इसका ध्यान रखना चाहिए। लेकिन साथ ही हमें अपने दरवाजे बंद नहीं करने चाहिए। हमें हमेशा उनसे संवाद के लिए तैयार रहना चाहिए।'

पाकिस्तान ने गुरुवार को भारत में उठ रही उन आवाजों का स्वागत किया जो दोनों देशों के बीच संवाद की आवश्यकता पर जोर दे रही हैं। उसने कहा कि शांति, सुरक्षा और साझा समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए संवाद और रचनात्मक सहयोग बेहद जरूरी हैं। विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी से साप्ताहिक प्रेस वार्ता में पूर्व सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) मनोज नरवणे की टिप्पणियों के बारे में प्रतिक्रिया के लिए पूछा गया। नरवणे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के नेता दत्तात्रेय होसबाले के इस बयान का समर्थन किया है कि पाकिस्तान के साथ संवाद के लिए हमेशा दरवाजे खुले रहने चाहिए।
भारत से कर दी एक मांग
उन्होंने कहा, 'भारत के भीतर संवाद पर जोर देने वाली आवाजें निश्चित रूप से एक सकारात्मक घटनाक्रम हैं। हम आशा करते हैं कि भारत में समझदारी बनेगी... हम निश्चित रूप से देखेंगे कि भारत में इन आवाजों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आती है या नहीं।'
बैक चैनल के मुद्दे पर क्या कहा
अंद्राबी ने हालांकि दोनों देशों के बीच परोक्ष माध्यम से संवाद की पुष्टि या खंडन करने से इनकार किया। उन्होंने कहा, 'पर्दे के पीछे या किसी अन्य माध्यम से बातचीत के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है और इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। अगर मैं इस पर टिप्पणी करूं तो पर्दे के पीछे बातचीत का अर्थ ही खत्म हो जाएगा, क्योंकि यह पूरी तरह गोपनीय प्रक्रिया होती है।'
अंद्राबी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान का मानना है कि सभी के लिए शांति, सुरक्षा और साझा समृद्धि को आगे बढ़ाने के संबंध में रचनात्मक साझेदारी और ईमानदार संवाद आवश्यक हैं। उन्होंने कहा, 'क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक सद्भाव की दिशा में मार्ग प्रशस्त करने के लिए हम कूटनीति, संप्रभुता के सम्मान और सार्थक अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव के सिद्धांतों के प्रति दृढ़ता से प्रतिबद्ध हैं।'
गीदड़ भभकी दे रहा
एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तानी सैनिक 'किसी भी दुस्साहस, गोलीबारी, युद्धविराम के किसी भी उल्लंघन' के प्रति सतर्क रहते हैं।
अमेरिका-ईरान शांति वार्ता पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान दोनों पक्षों के बीच स्थायी शांति के लिए अपनी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि शांति प्रक्रिया जारी है और 'यह कायम है।'
उन्होंने कहा, 'हम इस प्रक्रिया से जुड़े हुए हैं और आशावादी बने हुए हैं। शांति वार्ता को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी मुख्य रूप से दोनों प्रमुख पक्षों की है। पाकिस्तान अपनी ओर से इसमें सक्रिय भूमिका निभा रहा है।'
RSS नेता का बयान
होसबाले ने पीटीआई भाषा से बातचीत में कहा था, 'किसी भी देश की सुरक्षा और आत्मसम्मान की रक्षा करना आवश्यक है और मौजूदा सरकार को इसका ध्यान रखना चाहिए। लेकिन साथ ही हमें अपने दरवाजे बंद नहीं करने चाहिए। हमें हमेशा उनसे संवाद के लिए तैयार रहना चाहिए।'
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें

