नितिन गडकरी गुस्से में बोले- अब ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने का रिकॉर्ड बनाऊंगा
मुंबई-गोवा रोड के काम में देरी होने पर शर्मिंदगी होती थी। ऐसा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि वहां उद्घाटन के लिए भी नहीं जाने का मन बना लिया था। फिलहाल, वह ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने खराब सड़कों पर जमकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने भारत की एक सड़क को लेकर भी खुलासा कर दिया कि उन्हें हालत देखकर शर्मिंदगी होती थी। इसके अलावा वह कमजोर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों का रिकॉर्ड बनाने की योजना बना रहा हैं।
गडकरी ने बुधवार को कहा कि वह बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में देरी या खराब काम के लिए जिम्मेदार अधिकतम ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और अधिकारियों को निलंबित करने का रिकॉर्ड बनाना चाहते हैं।
'शर्मिंदगी होती थी'
गडकरी ने कहा कि मुंबई-गोवा राजमार्ग को चौड़ा करने में देरी होने पर उन्हें पहले शर्मिंदगी महसूस होती थी, लेकिन अब वह अक्टूबर में मुंबई हवाई अड्डे से सड़क मार्ग के जरिये गोवा जाएंगे और राजमार्ग का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण करेंगे। उन्होंने पणजी के पास पोर्वोरिम में छह लेन वाले एलिवेटेड रोड कॉरिडोर का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही।
गडकरी ने कहा, 'मैंने पहले घोषणा की थी कि चौड़ीकरण वाले मुंबई-गोवा राजमार्ग का उद्घाटन करने नहीं आऊंगा, क्योंकि मुझे इस बात पर शर्मिंदगी महसूस होती थी कि इस काम में इतनी देरी हुई।... लेकिन अब मैं व्यक्तिगत तौर पर इसका निरीक्षण करूंगा।' उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी।
सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
इसके साथ ही सड़क परिवहन मंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में देरी तथा खराब क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों एवं अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गडकरी ने कहा, 'अब मैं एक साल के भीतर अधिकतम संख्या में ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने, उनके खिलाफ कार्रवाई करने और अधिकारियों को निलंबित करने का रिकॉर्ड बनाना चाहता हूं। मैं अब इसे रोकने वाला नहीं हूं।'
उन्होंने गोवा सरकार से मुंबई-गोवा राजमार्ग के किनारे राज्य की वास्तुकला, खान-पान और हस्तशिल्प परंपराओं को दर्शाने वाली सुविधाएं विकसित करने को कहा। उन्होंने पेट्रोल-डीजल पंप के साथ जैव ईंधन, इलेक्ट्रिक वाहन और अन्य वैकल्पिक ईंधन के लिए सुविधाएं विकसित करने की भी वकालत की।
सड़कों के लिए नया प्लान
गडकरी ने राजमार्ग पर वैज्ञानिक तरीके से पौधे लगाने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि यह तय करने के लिए अध्ययन होना चाहिए कि कौन सी प्रजातियां लगाई जाएं और कौन सी अधिक कार्बन डाइऑक्साइड अवशोषित कर ऑक्सीजन छोड़ती हैं। उन्होंने गोवा में यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए व्यापक अध्ययन की जरूरत बताते हुए बाजारों को एकीकृत करने, गोदामों को शहरों से बाहर स्थानांतरित करने और बस डिपो में सुधार जैसे उपाय सुझाए। गडकरी ने वैकल्पिक ईंधन तथा इलेक्ट्रिक, हाइड्रोजन और फ्लेक्स-फ्यूल प्रौद्योगिकियों के अधिक इस्तेमाल की वकालत करते हुए कहा कि इससे प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।


