ममता बनर्जी नहीं हारतीं, तो भी बदल लेतीं पार्टी? राज्यसभा जा रहीं कोयल से सवाल

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

16 अक्टूबर को राज्यसभा चुनाव होने हैं और उसी दिन मतगणना भी हो जाएगी। टीएमसी छोड़ने के बाद भाजपा से राज्यसभा टिकट पाने वालीं कोयल मल्लिक से पूछा गया कि अगर ममता बनर्जी नहीं हारतीं, तो भी क्या वह पार्टी बदल लेतीं।

Rajya sabha election
कोयल मल्लिक अप्रैल से जून के बीच कुछ समय के लिए टीएमसी से राज्यसभा सांसद रहीं थीं। (PTI Photo)

राज्यसभा चुनाव के लिए कोयल मल्लिक ने नामांकन दाखिल कर दिया है। खास बात है कि रविवार को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद सोमवार को वह औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं हैं। इससे पहले वह कुछ समय के लिए तृणमूल कांग्रेस में थीं। इस नामांकन के बाद उनसे पूछा गया कि अगर पश्चिम बंगाल में सरकार नहीं बदलती, तो भी क्या वह पार्टी बदल लेतीं। इसपर उन्होंने जवाब दिया। मल्लिक से पहले भी 3 राज्यसभा सांसद दल बदलकर भाजपा में आ गए थे।

मल्लिक ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। उस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य साथ मौजूद थे। उन्होंने उसी सीट से नॉमिनेशन किया है, जो सीट उन्होंने छोड़ी थी। अविभाजित तृणमूल कांग्रेस ने भी उन्हें राज्यसभा भेजा था। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की 12 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होंगे। पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है।

क्या जवाब दिया

एबीपी बंगाली के अनुसार, मल्लिक से पूछा गया कि अगर राज्य में सत्ता परिवर्तन नहीं होता, तो भी क्या वह पार्टी बदल लेतीं। इसपर उन्होंने कहा, 'इन सवालों के जवाब किसी और दिन के लिए बचाकर रखते हैं। आज मेरा यहां आने का अलग ही कारण है।' उन्होंने राज्यसभा टिकट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम अधिकारी का धन्यवाद दिया।

पीटीआई के मुताबिक, जब उनसे पूछा गया कि क्या थोड़े समय के लिए तृणमूल कांग्रेस से जुड़ना और अब भाजपा में शामिल होना गलत फैसला था, तो उन्होंने कहा, 'हर राजनीतिक दल के काम करने और लोगों का भला करने के अपने-अपने तरीके होते हैं। मुझे इस बात पर बेहद गर्व और सम्मान महसूस हो रहा है कि मैं अब ऐसी पार्टी का हिस्सा हूं, जिसने पिछले कुछ महीनों में पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए कल्याणकारी काम किए हैं।'

कौन हैं कोयल मल्लिक

कोयल बंगाली फिल्मों के मशहूर हीरो रहे रंजीत मल्लिक की बेटी हैं। 6 अप्रैल से 16 जुलाई तक वह टीएमसी से सांसद रहीं और बाद में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देब और प्रकाश चिक बराइक भी टीएमसी छोड़ चुके हैं और भाजपा सांसद के तौर पर सदन में वापसी कर चुके हैं। इससे पहले टीएमसी के पास उच्च सदन में 13 सदस्य से थे, जो अब घटकर 9 पर आ गए हैं।

अपने खिलाफ बयानबाजी पर भी बोलीं

तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल होने पर की जा रही नकारात्मक टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर मल्लिक ने कहा, 'वे शायद अपनी ही परेशानियों के कारण इस तरह की अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं। मुझे उनसे कोई नाराजगी नहीं है।' उन्होंने कहा, 'सोशल मीडिया पर बढ़ती नफरत और कटुता की मूल वजह लोगों के पास काम की कमी है।'

भाजपा ने क्या कहा

बंगाल में भाजपा के तृणमूलीकरण नहीं होने देने के दावे पर भाजपा अध्यक्ष भट्टाचार्य ने कहा, 'मैं अपनी बात पर दृढ़ता से कायम हूं।' उन्होंने संसद में जरूरी संख्या बल के बारे में कहा, 'हम कोई बैंड पार्टी नहीं, बल्कि एक राजनीतिक पार्टी हैं। हम यहां भगवान हरि का नाम जपने नहीं आए हैं। हमें देश चलाना है और संसद में विधेयक पारित कराने हैं। लोगों के सामने गणित साफ है। हम किसी छिपे हुए एजेंडे के साथ काम नहीं कर रहे हैं। लोगों ने हमें कुछ जिम्मेदारियां सौंपी हैं और हमने उनसे कुछ वादे किए हैं जिन्हें हमें पूरा करना है।'

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsममता बनर्जी नहीं हारतीं, तो भी बदल लेतीं पार्टी? राज्यसभा जा रहीं कोयल से सवाल