Explainer: ट्रंप की कुर्सी को खतरा? क्या है US मिडटर्म चुनाव, समझिए भारत और भारतीयों के लिए इसके मायने

लाइव हिन्दुस्तान
share

अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी समुदाय की आबादी लगभग 52 लाख है। इनमें से करीब 26 लाख मतदाता हैं। एक सर्वे के मुताबिक इनमें स लगभग 66 फीसदी वोटर डेमोक्रेट को पसंद करते हैं। समझिए US मिडटर्म चुनाव को।

US midterm elections explainer
इस चुनाव पर ट्रंप के बहुत कुछ दांव पर हैं

US Midterm Election: अमेरिका में मिडटर्म चुनाव को लेकर इन दिनों पूरी दुनिया में हलचल मची हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति खुद इसे लेकर काफी घबराए हुए नजर आ रहे हैं। हालत यह है कि बीते महीने एक कार्यक्रम अपने समर्थकों से यह कहते नजर आए कि वे चुनाव में जितनी मर्जी धांधली करें। लेकिन सवाल यह है कि ट्रंप इस चुनाव को लेकर इतने सक्रिय क्यों हैं? क्या इस चुनाव में डेमोक्रेट की हार से ट्रंप की कुर्सी छिन जाएगी? और यह चुनाव भारत और भारतीय मूल के अमेरिकियों के लिए क्यों अहम है? समझते हैं इन्हीं सवालों के जवाब

इन सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि मिडटर्म चुनाव आखिर है क्या? अमेरिका में आगामी 3 नवंबर को मिडटर्म इलेक्शन या मध्यावधि चुनाव होने हैं। इस चुनाव में सीधे तौर पर राष्ट्रपति की कुर्सी दांव पर नहीं है, लेकिन इसके नतीजे ट्रंप के कार्यकाल के आखिरी दो सालों की दिशा तय करेंगे। भारत के लिए भी यह चुनाव बेहद अहम है, क्योंकि इसका सीधा असर H-1B वीजा, वहां रहने वाले भारतीय समुदाय और भारत-अमेरिका संबंधों पर पड़ेगा।

किन पदों पर होते हैं चुनाव?

अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए हर चार साल में चुनाव होते हैं। वहीं मिडटर्म चुनाव राष्ट्रपति के दो साल के कार्यकाल के ठीक बीच में कराए जाते हैं। इस चुनाव में अमेरिकी संसद की हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव यानी निचले सदन की सभी 435 सीटों और सीनेट यानी ऊपरी सदन की 35 सीटों के लिए वोट डाले जाते हैं। इसके साथ ही कई राज्यों में गवर्नरों का चुनाव भी होगा।

फिलहाल अमेरिकी कांग्रेस यानी संसद के दोनों सदनों में रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत है। हालांकि डेमोक्रेटिक पार्टी को निचले सदन में बहुमत पाने के लिए केवल 3 अतिरिक्त सीटों की जरूरत है। अगर डेमोक्रेट्स किसी भी एक सदन में बहुमत हासिल कर लेते हैं, तो ट्रंप प्रशासन के लिए नए कानून बनाना और अपनी नीतियों को लागू करना मुश्किल हो जाएगा। वहीं रिपब्लिकन का कब्जा बरकरार रहने पर ट्रंप अपनी प्राथमिकताओं को आसानी से आगे बढ़ा सकेंगे।

किन मुद्दे पर वोट डालेंगे अमेरिकी?

अमेरिका में लोगों की समस्याओं की बात करें तो देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। ईरान युद्ध का बोझ आम लोगों कर पड़ रहा है। वहीं इमीग्रेशन और सीमा सुरक्षा का मुद्दा भी इस चुनाव में छाया हुआ है। इस बीच कई सर्वे में संकेत मिले हैं कि ट्रंप की लोकप्रियता का स्तर लगातार गिर रहा है। ऐसे में इन चुनावों के नतीजों को लेकर अनिश्चितताएं बनी हुई हैं।

भारतीयों पर क्या होगा असर?

अमेरिकी आईटी और टेक सेक्टर में काम करने वाले भारतीयों के लिए यह चुनाव बेहद संवेदनशील है। बता दें कि 2024 में H-1B वीजा मिलने वालों में भारतीय नागरिकों की हिस्सेदारी लगभग 71 फीसदी रही है। सितंबर 2025 में ट्रंप प्रशासन ने नए H-1B आवेदकों के लिए 1,00,000 डॉलर की फीस का ऐलान कर दिया था। हालांकि 30 सितंबर 2026 को कैलिफोर्निया की फेडरल कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी है, लेकिन मामला अदालत में लंबित है।

चुनावी नतीजे इस दिशा में बेहद अहम हो सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि डेमोक्रेटिक पार्टी अगर प्रतिनिधि सभा पर नियंत्रण हासिल करती है, तो वह इन नीतियों पर सुनवाई कर सकती है, छात्रों और करियर की शुरुआत करने वाले पेशेवरों के लिए छूट की मांग कर सकती है और सरकारी खर्च को मंजूरी देने की प्रक्रिया के जरिए विरोध दर्ज करा सकती है। हालांकि, ट्रंप के पास राष्ट्रपति के रूप में वीटो की शक्ति होने के कारण इन फैसलों को पूरी तरह पलटना आसान नहीं होगा।

भारतीय-अमेरिकी मतदाता बदल सकते हैं चुनावी नतीजे?

अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी समुदाय की आबादी लगभग 52 लाख है। इनमें से करीब 26 लाख मतदाता हैं। अब एक सर्वे के मुताबिक लगभग 66 फीसदी भारतीय-अमेरिकी मतदाता डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को पसंद करते हैं। भले ही यह समुदाय पूरे देश के चुनावी नतीजों को अकेले न बदले, लेकिन जॉर्जिया, नॉर्थ कैरोलिना, पेंसिल्वेनिया, मिशिगन और टेक्सास के कड़े मुकाबले वाले इलाकों में इनकी भूमिका निर्णायक साबित हो सकती है।

भारत के लिए इस चुनाव के क्या मायने हैं?

भारत के लिए सबसे अहम सवाल यह है कि क्या चुनाव के नतीजे इमिग्रेशन, व्यापार और आर्थिक सहयोग से जुड़े राजनीतिक माहौल को बदल सकते हैं? जानकारों के मुताबिक रक्षा, तकनीक और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत-अमेरिका के सहयोग का दोनों पार्टियों में समर्थन रखता है। इसलिए संसद पर किसी भी पार्टी का नियंत्रण हो, इनमें बदलाव नहीं आएंगे। हालांकि अगर डेमोक्रेटिक पार्टी किसी सदन में बहुमत हासिल कर लेती है, तो ट्रंप के टैरिफ वाला मामला अटक सकता है। यानी रूस से तेल खरीदने के लिए भारत पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने का फैसला भी टल सकता है। हालांकि, डेमोक्रेटिक पार्टी मानवाधिकार और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर ज्यादा बयानबाजी करता आया है। भारत आम तौर पर इन मुद्दों पर बाहरी टिप्पणियों को लेकर असहज रहा है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsट्रंप की कुर्सी को खतरा? क्या है US मिडटर्म चुनाव, भारत के लिए इसके क्या मायने