Explainer: तुर्की के जेहान पोर्ट की क्या है क्षमता, भारत के लिए बन सकता है होर्मुज का विकल्प?
यह अजरबैजान से जॉर्जिया के रास्ते जेहान तक कच्चा तेल लाती है। वर्तमान में इससे प्रतिदिन 6,00,000 बैरल तेल भेजा जा रहा है, जिसकी क्षमता में 4,00,000 बैरल प्रति दिन का और विस्तार किया जा सकता है।

ईरान युद्ध और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के तनाव ने दुनिया भर के समुद्री नक्शे को बदलकर रख दिया है। इस संकट के बीच तुर्की के दक्षिणी हिस्से में स्थित जेहान बंदरगाह अचानक केंद्र में आ गया है। अपनी उपजाऊ कृषि भूमि के लिए पहचाने जाने वाला तुर्की का कुकुरोवा क्षेत्र अब एक विशाल ऊर्जा केंद्र का रूप ले रहा है।
जेहान भूमध्य सागर के तट पर स्थित है और अडाना प्रांत के कुकुरोवा क्षेत्र में आता है। यह क्षेत्र अपनी उपजाऊ मिट्टी, जेहान नदियों के पानी के साथ-साथ कपास, गेहूं, मक्का और खट्टे फलों की पैदावार के लिए प्रसिद्ध है। लेकिन इसकी सबसे बड़ी ताकत इसका रणनीतिक स्थान और पाइपलाइनों का नेटवर्क है।
क्या है पाइपलाइन की क्षमता?
यह अजरबैजान से जॉर्जिया के रास्ते जेहान तक कच्चा तेल लाती है। वर्तमान में इससे प्रतिदिन 6,00,000 बैरल तेल भेजा जा रहा है। इसकी क्षमता में 4,00,000 बैरल प्रति दिन का और विस्तार किया जा सकता है। वहीं, इराक-तुर्की पाइपलाइन इराक के उत्तरी क्षेत्रों को जेहान से जोड़ती है। इसकी क्षमता 15 लाख बैरल प्रति दिन की है।
तुर्की की राष्ट्रीय तेल कंपनी TPAO ने अमेरिकी कंपनियों ExxonMobil और Chevron के साथ समझौते किए हैं, जबकि बुल्गारिया के समुद्री क्षेत्र में तेल-गैस खोज के लिए Shell के साथ साझेदारी की है। तुर्की इराक के दक्षिण में स्थित बसरा तक कनेक्टिविटी बढ़ाने और सीरिया से आने वाले तेल को भी इसी नेटवर्क से जोड़ने की योजना बना रहा है। तुर्की रोजाना 85000 अतिरिक्त बैरल तेल संभालने के लिए जेहान की क्षमता बढ़ा रहा है।
क्या होर्मुज का विकल्प बन सकता है जेहान?
यह सवाल उठ रहा है कि क्या जेहान फारस की खाड़ी के पारंपरिक रास्तों और होर्मुज (Strait of Hormuz) का सुरक्षित विकल्प बन सकता है? एक्सपर्ट्स का मानना है कि जेहान एक क्षेत्रीय हब तो बन सकता है, लेकिन यह होर्मुज का पूर्ण विकल्प नहीं हो सकता। युद्ध से पहले होर्मुज से रोजाना लगभग 2 करोड़ बैरल तेल गुजरता था। इसकी तुलना में जेहान की अधिकतम क्षमता इसका केवल एक छोटा सा हिस्सा लगभग 25 लाख बैरल प्रति दिन ही संभाल सकती है।
भारत पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा?
भारत अपनी आवश्यकता का 85% से अधिक कच्चा तेल आयात करता है और प्रतिदिन लगभग 53 लाख बैरल क्रूड आयात कर रहा है। होर्मुज में किसी भी रुकावट का सीधा असर भारतीय अर्थव्यवस्था और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर पड़ता है। जेहान पोर्ट भारत को इराक और अजरबैजान के तेल ग्रेड के लिए एक वैकल्पिक भूमध्यसागरीय मार्ग दे सकता है, लेकिन यह भारत की कुल मांग के मुकाबले काफी छोटा है।
भारत-तुर्की के बीच तनाव
तुर्की के पाकिस्तान समर्थक रुख और कश्मीर मुद्दे पर उसकी बयानबाजी के कारण भारत-तुर्की के द्विपक्षीय संबंधों में खिंचाव रहा है। ऐसे में भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए तुर्की के नियंत्रण वाले कॉरिडोर पर निर्भर रहने का जोखिम नहीं उठाएगा। भारत निकट भविष्य में अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए रूस, यूएई, सऊदी अरब, अमेरिका और अफ्रीकी देशों से सीधे संबंध मजबूत करने को ही प्राथमिकता देगा।


