क्या है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, चिराग के विधायक के बयान पर भड़के मंत्री; टॉप-5 खबरें
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज एक संकरा रास्ता है, जहां से दुनिया भर के तेल के जहाज गुजरते हैं। यह ओमान और ईरान के बीच में है। बिहार विधानसभा में मंगलवार को चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एक विधायक के बयान पर सत्ता पक्ष में असहजता की स्थिति बन गई। पढ़िए आज शाम की पांच बड़ी खबरें...

क्या है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, जहां ईरान कर रहा है सैन्य अभ्यास; क्या है अहमियत
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज एक संकरा रास्ता है, जहां से दुनिया भर के तेल के जहाज गुजरते हैं। यह ओमान और ईरान के बीच में है। इस जलडमरूमध्य में तेल के संपूर्ण व्यापार का पांचवां हिस्सा गुजरता है। ईरान की इस्लामी रिवॉल्यूशनरी गार्ड कोर ने सोमवार को होर्मुज की खाड़ी में एक सैनिक अभ्यास शुरू किया। ईरान की सरकारी टीवी ने मंगलवार को कहाकि वह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को कई घंटों के लिए बंद करने वाला है। बता दें कि यह पहली बार है जब अमेरिका की सैन्य कार्रवाई की धमकी के बाद ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के कुछ हिस्सों को बंद किया है। पढ़ें पूरी खबर
चिराग के विधायक ने कहा- शव जलाने से प्रदूषण होता है, बरस पड़े NDA के मंत्री
बिहार विधानसभा में मंगलवार को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एक विधायक के बयान पर सत्ता पक्ष में असहजता की स्थिति बन गई। राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत शवदाह गृहों के निर्माण की मांग करते हुए लोजपा-आर विधायक राजू तिवारी ने सदन में कह दिया कि लकड़ी से शवों को जलाने पर प्रदूषण होता है। इस बात पर सत्ता पक्ष के सदस्य ही उन पर भड़क गए। पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से लेकर भाजपा विधायक जीवेश मिश्रा समेत अन्य सदस्य उन्हें टोकने लगे। पढ़ें पूरी खबर
माउंट एवरेस्ट तक उड़ने वाला हेलीकॉप्टर बनाएंगे, मैक्रों से मिलकर बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मंगलवार को मुंबई में मुलाकात हुई। दोनों कर्नाटक के वेमगल में टाटा एयरबस के H125 लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर फाइनल असेंबली का वर्चुअली उद्घाटन किया। इस दौरान मुंबई में सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का मुंबई में स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। पिछले वर्ष उन्होंने मुझे फ्रांस में आयोजित AI एक्शन समिट के लिए बुलाया था। उस समय हमने मार्सिले की यात्रा की थी, जो फ्रांस का सबसे बड़ा पोर्ट है और फ्रांस और पूरे यूरोप का एक प्रमुख गेटवे भी है। पढ़ें पूरी खबर
अजित पवार के प्लेन क्रैश की हो CBI जांच, डिप्टी CM सुनेत्रा पवार की मांग
महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने अपने दिवंगत पति और राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री अजित पवार के प्लेन क्रैश हादसे की CBI से जांच कराने की मांग की है। मंगलवार को सुनेत्रा पवार समेत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के कई वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और उनसे अजित पवार के प्लेन क्रैश की CBI से जांच कराने की मांग की। 28 जनवरी को बारामती में हुए इस विमान हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी। पढ़ें पूरी खबर
जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में एंट्री मारकर रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया T20 WC से बाहर
सिकंदर रजा की अगुवाई वाली जिम्बाब्वे टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जिम्बाब्वे ने टूर्नामेंट में पहली बार सुपर-8 राउंड में जगह पक्की कर ली है। जिम्बाब्वे ने पल्लेकेले में आयरलैंड मैच रद्द होने के बाद अगले राउंड का टिकट कटाया। मंगलवार को जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड ग्रुप बी मैच में बारिश के कारण टॉस तक नहीं हो पाया। मैच रद्द होने की वजह से दोनों टीमों को एक-एक अंक बांटना पड़ा। जिम्बाब्वे ग्रुप बी से अगले चरण में पहुंचने वाली दूसरी टीम है। उसके खाते में तीन मैचों में पांच अंक हैं। पढ़ें पूरी खबर
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


