Explainer: क्या होता है SSR, SIR से कितना अलग; चुनाव आयोग को क्यों पड़ी इसकी जरूरत?
What is SSR: आज के समय में भी कुछ राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम जारी है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर एसएसआर है क्या और एसआईआर के बीच क्यों इसकी जरूरत पड़ी?

What is SSR: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी विरोध-प्रदर्शन और इस्तीफे की मांग के बीच चुनाव आयोग ने 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वोटर लिस्ट का विशेष सारांश पुनरीक्षण (SSR) कराने का आदेश जारी किया है। इसके लिए एक जनवरी 2027 को आधार बनाया गया है। आपको यह बता दें कि आज के समय में भी कुछ राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम जारी है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर एसएसआर है क्या और एसआईआर के बीच क्यों इसकी जरूरत पड़ी?
क्या होता है SSR?
SSR मौजूदा वोटर लिस्ट पर आधारित होता है। इस प्रक्रिया में संशोधन से पहले की जांच शामिल होती है। जैसे कि बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLOs) द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन करना, वोटर लिस्ट से छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान करना, गलतियों को सुधारना और ऐसे मतदाताओं की पहचान करना जिनका नाम दो-दो जगह है। इसके साथ ही उन नामों की भी पहचान करना जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जो स्थायी रूप से कहीं और चले गए हैं।
चुनाव आयोग के आदेश के अनुसार, इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर्स (ERO) को एक ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित करनी होगी। इसके बाद दावों और आपत्तियां मांगी जाएगीं। अंतिम सूची प्रकाशित करने से पहले उनका निपटारा किया जाएगा। मतदाता अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म 6, प्रवासी मतदाता फॉर्म 6A, नाम हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म 7 और पता बदलने, सुधार करने या अन्य बदलावों के लिए फॉर्म 8 का उपयोग कर सकते हैं।
जान लें तारीखें
चुनाव आयोग के द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर को ड्राफ्ट सूची प्रकाशित की जाएगी। 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। 28 दिसंबर तक उनका निपटारा किया जाएगा। 4 जनवरी 2027 को अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। इस प्रक्रिया में उन लोगों से भी पहले से आवेदन मांगे जा रहे हैं जो 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को मतदाता बनने के लिए पात्र हो जाएंगे।
SIR से कितना अलग है SSR?
SIR में मौजूदा सूची में सुधार करने के बजाय मतदाता सूची को पूरी तरह से नए सिरे से तैयार किया जाता है। SIR में मौजूदा मतदाताओं को फॉर्म दिए जाते हैं और BLOs द्वारा सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाती है। इसके बाद जमा किए गए फॉर्मों के आधार पर ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार की जाती है। इसके बाद दावों और आपत्तियों की प्रक्रिया होती है।
इसका मतलब यह है कि SSR की तरह मौजूदा जानकारी को सीधे अगली सूची में शामिल नहीं किया जाता है। संशोधित सूची में अपना नाम शामिल करने के लिए मतदाताओं को तय सत्यापन प्रक्रिया का पालन करना होता है। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज और सत्यापन की शर्तें SIR के लागू निर्देशों पर निर्भर करती हैं।
SSR में पिछली अंतिम मतदाता सूची का उपयोग किया जाता है। जबकि SIR में 2002-04 की मतदाता सूची को आधार के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।

