Hindi NewsIndia NewsWhat is Siddaramaiah favorite dish? DKS wants to take over Karnataka CM Post inside story of Breakfast
बेंगलुरु में असली वाला नहीं मिलता, गांव से मंगवाओ; DKS के घर नाश्ते से पहले सिद्धा की कैसी फरमाइश?

बेंगलुरु में असली वाला नहीं मिलता, गांव से मंगवाओ; DKS के घर नाश्ते से पहले सिद्धा की कैसी फरमाइश?

संक्षेप:

नाश्ते के बाद सिद्धारमैया का मिजाज बिल्कुल शांत और बदला नजर आया। उन्होंने कहा कि उनके और उपमुख्यमंत्री के बीच कोई मतभेद नहीं है और वे दोनों एकजुट होकर सरकार चला रहे हैं तथा भविष्य में भी ऐसा करते रहेंगे।

Dec 02, 2025 07:31 pm ISTPramod Praveen पीटीआई, बेंगलुरु
share Share
Follow Us on

Karnataka Political Row: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के आवास पर आज (मंगलवार, 02 दिसंबर) को सुबह नाश्ता करने के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पहुंचे थे। इससे पहले शनिवार को शिवकुमार सीएम के आवास पर पहुंचे थे। इस दौरान डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री को ब्रेकफास्ट में उन्हें उनका पंसदीदा व्यंजन ‘नटी कोली सारू’ (देशी चिकन करी) और इडली परोसा। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है। अधिकारियों ने बताया कि नाश्ते की मेज पर ‘नटी कोली सारू’ और इडली के साथ ही ‘नटी कोली’ फ्राई, वड़ा, पोंगल सहित कई व्यंजन थे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

राज्य में नेतृत्व विवाद के बीच दोनों नेताओं ने कुछ दिन पूर्व भी साथ में नाश्ता किया था। मंगलवार को सिद्धारमैया सदाशिवनगर स्थित उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के आवास पहुंचे, जहां शिवकुमार और उनके भाई डी. के. सुरेश ने उनका स्वागत किया। नाश्ते में शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजन परोसे गए। नाश्ते की मेज पर सुरेश और कुनीगल से विधायक एवं शिवकुमार के रिश्तेदार एच. डी. रंगनाथ भी उनके साथ थे।

बेंगलुरु में असली वाला नहीं मिलता

बाद में पत्रकारों से बातचीत में सिद्धरमैया ने कहा कि शनिवार को जब शिवकुमार नाश्ते के लिए मुख्यमंत्री आवास आए थे, तभी उन्होंने मुझे आमंत्रित कर दिया था। दोनों स्थानों में व्यंजनों में अंतर के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उनके (शिवकुमार के) घर पर मांसाहार था, जबकि मेरे घर पर शाकाहार। वह शाकाहारी हैं, मैं मांसाहारी हूं। मैंने मांसाहार नहीं बनवाया था। मैंने डीके से कहा था कि गांव से चिकन ले आओ, क्योंकि बेंगलुरु में असली वाला नहीं मिलता।’’

ये भी पढ़ें:हाईकमान के फैसले से बंधे हैं; DK के साथ नाश्ते पर बैठे सिद्धारमैया, क्या बात हुई

सिद्धारमैया का मिजाज बिल्कुल शांत नजर आया

मनपसंद नाश्ते के बाद सिद्धारमैया का मिजाज बिल्कुल शांत और बदला नजर आया। उन्होंने कहा कि उनके और उपमुख्यमंत्री के बीच कोई मतभेद नहीं है और वे दोनों एकजुट होकर सरकार चला रहे हैं तथा भविष्य में भी ऐसा करते रहेंगे। उन्होंने एक बार फिर से कहा कि नेतृत्व के मुद्दे पर वह और शिवकुमार, दोनों कांग्रेस आलाकमान के फैसले का पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि जब आलाकमान फैसला करेगा तो शिवकुमार मुख्यमंत्री बनेंगे।

शिवकुमार कब मुख्यमंत्री बनेंगे?

बता दें कि अभी तक आलाकमान की ओर से इस मामले पर किसी भी फैसले की समय-सीमा के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अगर वे (आलाकमान) हमें बुलाएंगे, तो हम ज़रूर जाकर उनसे मिलेंगे। कल मैं एक समारोह में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल से मिलूंगा, जहां हम दोनों को आमंत्रित किया गया है।’’ यह पूछे जाने पर कि शिवकुमार कब मुख्यमंत्री बनेंगे, इस पर सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘जब आलाकमान कहेगा।’’

मंत्रिमंडल में फेरबदल पर क्या बोले CM

उन्होंने बताया कि शिवकुमार ने उन्हें नाश्ते पर आमंत्रित किया था। नाश्ते के बाद उन्होंने और उपमुख्यमंत्री ने बेलगावी में आठ दिसंबर से शुरू होने वाले आगामी विधानसभा सत्र और उसके लिए अपनाई जाने वाली रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने राज्य से संबंधित मुद्दों पर चर्चा के लिए संसद सत्र के दौरान आठ दिसंबर को दिल्ली में कर्नाटक के सांसदों की एक बैठक आयोजित करने पर भी चर्चा की। मंत्रिमंडल में फेरबदल के बारे में सिद्धरमैया ने कहा कि इस पर फैसला आलाकमान को लेना है।

ये भी पढ़ें:सपा सांसद की नसीहत डीके शिवकुमार को रास नहीं आई, दिल्ली आने पर क्या दिखाएंगे

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विपक्षी भाजपा और जनता दल (एस) द्वारा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की योजना बनाए जाने और कई मुद्दे उठाने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनका ‘आक्रामक’ ढंग से सामना करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ‘किसान समर्थक’ है और उन्होंने राज्य में गन्ना और मक्का किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों पर प्रकाश डाला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र इस संबंध में पर्याप्त प्रयास नहीं कर रहा है।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen
भूगोल में पीएचडी और पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर उपाधि धारक। ईटीवी से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार पत्रकारिता करियर की शुरुआत। कई हिंदी न्यूज़ चैनलों (इंडिया न्यूज, फोकस टीवी, साधना न्यूज) की लॉन्चिंग टीम का सदस्य और बतौर प्रोड्यूसर, सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में काम करने के बाद डिजिटल पत्रकारिता में एक दशक से लंबे समय का कार्यानुभव। जनसत्ता, एनडीटीवी के बाद संप्रति हिन्दुस्तान लाइव में कार्यरत। समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक जगत के अंदर की खबरों पर चिंतन-मंथन और लेखन समेत कुल डेढ़ दशक की पत्रकारिता में बहुआयामी भूमिका। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और संपादन। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।