Hindi NewsIndia NewsWhat is Shaniwar Wada fort where Muslim Women Offer Namaz, BJP MP Purifies Area With Cow Urine
क्या है शनिवार वाडा? जहां मुस्लिम महिलाओं ने पढ़ी नमाज तो मचा बवाल, BJP MP ने कराया शुद्धिकरण

क्या है शनिवार वाडा? जहां मुस्लिम महिलाओं ने पढ़ी नमाज तो मचा बवाल, BJP MP ने कराया शुद्धिकरण

संक्षेप:

शुद्धिकरण' का वीडियो सामने आने के बाद उस पर भी बड़ा राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। सत्ताधारी एनडीए में शामिल दोनों दलों शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी ने सांसद मेधा कुलकर्णी के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग की है।

Tue, 21 Oct 2025 12:17 PMPramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, पुणे
share Share
Follow Us on

महाराष्ट्र में पुणे शहर के ऐतिहासिक शनिवार वाडा में मुस्लिम महिलाओं के नमाज अदा करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वहां बवाल मच गया है। वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने रविवार को भारी विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय जनता पार्टी की राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस वीडियो को पोस्ट किया था और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने एक्स पर इसे ऐतिहासिक धरोहर का अपमान बताते हुए विरोध प्रदर्शन का भी आह्वान किया था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

पुणे स्थित शनिवार वाडा के ऊपरी मंजिल के वायरल वीडियो में छह से सात मुस्लिम महिलाएं चटाई बिछाकर नमाज पढ़ती हुई दिखाई दे रही हैं, जबकि आसपास बच्चे खेल रहे हैं और पर्यटक घूम रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। साथ ही इसने राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के एक अधिकारी ने पुणे सिटी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। महिलाओं के समूह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।

शुद्धिकरण के बाद इलाके में तनाव

वीडियो सामने आने के बाद रविवार को भाजपा सांसद ने सैकड़ों लोगों के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए शनिवार वाडा पहुंच गईं। विरोध प्रदर्शन में ‘पतित पावन संगठन’ और ‘हिंदू सकल समाज’ शामिल थे। उन्होंने नमाज की घटना के बाद उस जगह को ‘शुद्ध’ करने के प्रयास के तहत वहां गौमूत्र छिड़का और ‘शिव वंदना’ की। हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शनिवार वाडा के बाहर स्थित हजरत ख्वाजा सय्यद दरगाह के पास भी विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें रोक दिया। हालांकि, इस दौरान पुलिस की उनसे धक्का-मुक्की भी हुई, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव है।

सत्ताधारी महायुति गठबंधन में भी रार

ऐतिहासिक किले का 'शुद्धिकरण' करने का एक वीडियो सामने आने के बाद अब उस पर भी बड़ा राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। सत्ताधारी एनडीए गठबंधन में शामिल दोनों दलों एकनाथ शिंद की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी ने सांसद मेधा कुलकर्णी के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग की है और हिन्दू-मुस्लिम रंग देकर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का आरोप लगाया है।

ये भी पढ़ें:अपने MP पर लगाएं लगाम, वरना… महाराष्ट्र में छिड़ा घमासान; BJP बनाम शिवसेना-NCP

दूसरी तरफ, भाजपा सांसद ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है। शनिवार वाडा नमाज अदा करने की जगह नहीं है। हम प्रशासन से इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह करते हैं।’’ इस मुद्दे पर पुलिस उपायुक्त कृषिकेश रावले ने कहा कि यह जगह भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीन है।

क्या है शनिवार वाडा

बता दें कि शनिवार वाडा 1736 में पेशवाओं द्वारा निर्मित एक 13 मंजिला महल था। इसे पेशवा शक्ति के केंद्र और पुणे के इतिहास और संस्कृति के प्रतीक के रूप में प्रतिष्ठित दर्जा प्राप्त है। वर्ष 1828 में आग लगने से यह नष्ट हो गया था और अब यहां केवल किले की दीवारें और विशाल कीलों से जड़े दरवाजे ही बचे हैं।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen
भूगोल में पीएचडी और पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर उपाधि धारक। ईटीवी से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार पत्रकारिता करियर की शुरुआत। कई हिंदी न्यूज़ चैनलों (इंडिया न्यूज, फोकस टीवी, साधना न्यूज) की लॉन्चिंग टीम का सदस्य और बतौर प्रोड्यूसर, सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में काम करने के बाद डिजिटल पत्रकारिता में एक दशक से लंबे समय का कार्यानुभव। जनसत्ता, एनडीटीवी के बाद संप्रति हिन्दुस्तान लाइव में कार्यरत। समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक जगत के अंदर की खबरों पर चिंतन-मंथन और लेखन समेत कुल डेढ़ दशक की पत्रकारिता में बहुआयामी भूमिका। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और संपादन। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।