प्रोजेक्ट मेघालय: थलपति विजय की सरकार गिराने की बड़ी साजिश? कैसे फंस गई DMK

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने साजिश के तार कुछ डीएमके नेताओं से भी जोड़े हैं। हालांकि, डीएमके ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। वहीं डीएमके ने TVK की सरकार पर भी आरोप लगाए।

Thalapathy Vijay TVK government

तमिलनाडु की सियासत से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि राज्य में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सरकार को गिराने के लिए और विधायकों को खरीदने की एक बड़ी साजिश रची जा रही है। इस पूरे मामले को प्रोजेक्ट मेघालय का नाम दिया गया है। रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि इस मामले में चेन्नई पुलिस के हाथ बड़ा सुराग लगा है और फिलहाल जांच जारी है।

एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस हाई-प्रोफाइल मामले में चेन्नई पुलिस ने एक क्षेत्रीय समाचार चैनल 'पुथिया थलैमुरई' के वरिष्ठ टेलीविजन पत्रकार विजयन को हिरासत में लेकर बीते 15 और 16 जुलाई को पूछताछ की। पुलिस ने पत्रकार का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

क्या है 'प्रोजेक्ट मेघालय'?

यह पूरा मामला टीवीके (TVK) के उथंगरई विधानसभा क्षेत्र से विधायक एन. इलैयाराजा की एक शिकायत के बाद सामने आया था। विधायक इलैयाराजा ने जून के आखिर में आरोप लगाया था कि इस मामले में मुख्य आरोपी थिरुनावुक्कारासु और उसके सहयोगियों ने उन्हें विधानसभा की कार्यवाही के दौरान पार्टी के रुख के खिलाफ जाकर मतदान करने के लिए 35 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रिश्वत की पेशकश की थी। विधायक ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने रिश्वत के इस ऑफर को ठुकरा दिया, तो उन्हें और उनके पूरे परिवार को धमकियां दी गईं।

अब पुलिस जांच के मुताबिक, इस साजिश के तहत टीवीके के करीब 15 विधायकों को मोटी रकम का लालच देकर पार्टी व्हिप के खिलाफ वोट कराने और मुख्यमंत्री विजय की सरकार को गिराने की पूरी प्लानिंग थी। इस योजना को प्रोजेक्ट मेघालय का नाम दिया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस ने इस साजिश के तार कुछ डीएमके नेताओं से भी जोड़े हैं। हालांकि, डीएमके ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। डीएमके का आरोप है कि टीवीके सरकार सिर्फ राजनीतिक फायदा लेने के लिए उनके खिलाफ झूठे और मनगढ़ंत दावे कर रही है।

यूट्यूबर से क्या कनेक्शन?

पुलिस के मुताबिक इस कथित साजिश का मुख्य आरोपी थिरुनावुक्कारासु नाम का एक यूट्यूबर है। वह 'IPDS' के नाम से यूट्यूब पर एक ओपिनियन पोलिंग ग्रुप चलाता है। पुलिस को थिरुनावुक्कारासु और पत्रकार विजयन के बीच आपस में बातचीत के के सबूत मिले हैं। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या पत्रकार भी इस बड़ी साजिश का हिस्सा था। उनका फोन जब्त कर मैसेज खंगाले जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, इस मामले में पुलिस अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं जांच की आंच अब बड़े राजनीतिक चेहरों तक पहुंच गई है। पुलिस ने डीएमके (DMK) के पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी और उनके भाई अशोक को भी पूछताछ के लिए समन जारी किया है।

क्या बोलीं DMK?

इस बीच पत्रकार विजयन से देर रात तक हुई पूछताछ और उनका मोबाइल फोन जब्त किए जाने के बाद DMK ने विजय सरकार की निंदा की है। DMK सांसद कनिमोझी ने टीवीके सरकार पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जांच के बहाने पत्रकार विजयन का मोबाइल फोन मनमाने ढंग से जब्त करना और उन्हें पुलिस स्टेशन में हिरासत में रखना टीवीके सरकार की पुलिस फोर्स का बेहद निंदनीय काम है।" कनिमोझी ने इसे प्रेस की आजादी पर सीधा हमला करार दिया और मांग की कि पत्रकार को तुरंत रिहा किया जाए। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि वह पत्रकारों और राजनीतिक विरोधियों को डराने-धमकाने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग न करे। वहीं चेन्नई प्रेस क्लब ने भी आरोप लगाया कि 15 जुलाई की देर रात तक बिना तय प्रक्रिया का पालन किए पत्रकार से पूछताछ की गई और फोन छीना गया।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।