पटाखे फोड़ने का धर्म से क्या लेना-देना, दीये और फुलझड़ी जलाओ; दिवाली से पहले बोला सुप्रीम कोर्ट

लाइव हिन्दुस्तान
share

पटाखों को धार्मिक रीति-रिवाजों से जोड़ने वाली दलीलों का जवाब देते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता सिंह ने कहा ‘अगर भगवान को पता चले कि उनके नाम पर बच्चे परेशान हो रहे हैं और बीमार पड़ रहे हैं, तो वे बहुत दुखी होंगे।’ सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

Supreme Court before Diwali
सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई जारी है

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को सवाल किया कि धर्म का पटाखे जलाने से क्या संबंध है? हालांकि, शीर्ष अदालत ने दिल्ली-एनसीआर में पटाखों पर प्रतिबंध लगाने पर विचार करते समय धार्मिक भावनाओं और लोगों की सेहत से जुड़ी चिंताओं के बीच संतुलन बनाने की जरूरत पर बल दिया। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने कहा कि लोगों को पाबंदी वाले अदालती आदेशों पर निर्भर रहने के बजाय, त्योहार मनाने के लिए खुद ही कम प्रदूषण फैलाने वाले तरीकों को अपनाना चाहिए।

पीठ ने कहा कि वे धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते हैं, लेकिन उन्होंने नागरिकों को पटाखों के नुकसान के बारे में जागरूक करने और सुरक्षित तरीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। सीजेआई ने कहा ‘हम धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाएंगे, लेकिन लोगों को खुद आगे आकर इसे अपनाना चाहिए। इस पूरी प्रक्रिया में संतुलन बनाने वाला नजरिया अपनाना चाहिए।’

वायु प्रदूषण पर सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को कम करने से जुड़े मामलों जैसे पटाखे, पराली जलाना और ठोस कचरा प्रबंधन के मुद्दे पर सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। इसी दौरान जस्टिस बागची ने पटाखा फोड़ने के धार्मिक आधार पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा ‘धर्म का पटाखे फोड़ने से क्या संबंध है?’

भगवान भी होंगे दुखी

इससे पहले, इस मामले में न्यायमित्र की भूमिका निभा रही वरिष्ठ अधिवक्ता आपराजिता सिंह ने पीठ के समक्ष वायु प्रदूषण से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों का जिक्र किया, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर सेहत वाले लोगों के लिए। पटाखों को धार्मिक रीति-रिवाजों से जोड़ने वाली दलीलों का जवाब देते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता सिंह ने कहा ‘अगर भगवान को पता चले कि उनके नाम पर बच्चे परेशान हो रहे हैं और बीमार पड़ रहे हैं, तो वे बहुत दुखी होंगे।’ मामले की अगली सुनवाई 15 अक्तूबर को होगी।

दीये और फुलझड़ी की परंपरा अपनाएं

शीर्ष अदालत ने कहा कि अधिक नुकसानदायक पटाखों की उपलब्धता पर रोक लगाने के साथ पारंपरिक तरीकों, जैसे दीये जलाने और फुलझड़ी का इस्तेमाल करने को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। साथ ही कहा कि लोगों को पटाखे कम जलाने और तय समय का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करने के मकसद से जागरूकता सामग्री जारी करने पर भी विचार किया, ताकि हवा और ध्वनि प्रदूषण को कम किया जा सके।

फसल अवशेष की खरीद के लिए बाजार बनाएं

इस दौरान जस्टिस बागची ने राज्यों के उन प्रस्तावों का भी जिक्र किया, जिनमें फसल के अवशेष खरीदने और उनके कमर्शियल इस्तेमाल के तरीकों का पता लगाने की बात कही गई थी। पीठ ने इसके लिए बाजार विकसित करने की जरूरत पर बल दिया।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsपटाखे का धर्म से क्या लेना-देना, दीये और फुलझड़ी जलाओ; दिवाली से पहले बोला SC