बृजभूषण सिंह ने पोते को 'पिछड़ी जाति' के दोस्त को देख साथ घूमते देखा, क्या बोले
उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह एक वीडियो को लेकर चर्चा में आ गए हैं। इस वीडियो में वह अपने पोते के साथ चल रहे एक बच्चे की जाति के बारे में पता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों में कहां अगड़ी और पिछड़ी की समझ है।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह अपने पोते के 'पिछड़ी जाति' के दोस्त के बारे में बात कर रहे हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी नजर आ रहे हैं। सोमवार को ही उन्होंने राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जारी विपक्ष के प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए। इससे पहले शुक्रवार को ही में दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें चार महिला पहलवानों की याचिका पर जवाब देने के लिए और समय दिया है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस की तरफ से पोस्ट वीडियो गोंडा का बताया जा रहा है। इस वीडियो में बृज भूषण शरण सिंह बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ चल रहे हैं। आगे उनके दो बच्चे भी चल रहे हैं। इसी बीच वह हल्के फुल्के अंदाज में पूछा, 'कौन जात का लड़का है, बताओ?।' उन्होंने कहा, 'गोस्वामी है। पिछड़ी जात का है। अगड़ी पिछड़ी जाति का तालमेल देख लो। एक पिछड़ी का है, दूसरा अगड़ी का। बड़े होंगे तो बंट जाएंगे। बच्चे क्या जानें कि क्या अगड़ी है, क्या पिछड़ी।' उन्होंने कहा, 'पहली बार मिले हैं ये। ये भी नहीं कि रोज मिलते हों।'
दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन पर उठाए सवाल
सिंह ने सोमवार को INDIA गठबंधन के प्रदर्शनों पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था, '...किस बात को लेकर के आप कर रहे हैं। किसी जनता की समस्या को लेकर आप नहीं कर रहे हैं। आप महंगाई को लेकर नहीं कर रहे हैं। आप किसान को लेकर नहीं कर रहे हैं। आप बेरोजगारी की बात नहीं कर रहे हैं। आप सिर्फ चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार की बात कर रहे हैं। और जब आप चुनाव जीत जाते हैं, तो आपके लिए चुनाव आयोग अच्छा होता है। जब हार जाते हैं, तो चुनाव आयोग खराब हो जाता है।'
उन्होंने कहा, 'एक बात ये भी इन लोगों की तरफ से आ रही है कि गृहमंत्री जी का नाम इसमें नहीं होना चाहिए। तो गृहमंत्री जी इस देश के गृहमंत्री हैं और वह चुनाव लड़कर आए हैं, चुनाव जीतकर आए हैं। देश की जो कैबिनेट बनी है, उसमें उन्हें गृहमंत्री का दर्जा प्राप्त है। वह आपकी दया पर नहीं हैं।'
पुरानी नियुक्तियों पर उठाए सवाल
सिंह ने सवाल किया, 'रहा सवाल ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति पर, तो आप बताइए कि आपने केपीएस गिल की नियुक्ति किस कानून के तहत की थी। आपने नवीन चावला की नियुक्ति किस आधार पर की थी। और ये जो ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति है, इसमें प्रधानमंत्री जी, नेता विरोधी दल और एक नामित सदस्य हैं। 2023 से पहले हमारे देश में चुनाव आयुक्त करने की कोई प्रक्रिया ही नहीं थी।'
उन्होंने आगे कहा, 'इस प्रकरण को सुप्रीम कोर्ट ले जाया गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर संसद ने एक प्रक्रिया बनाई। उस प्रक्रिया के तहत ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति हुई। अब ज्ञानेश कुमार आपको नहीं सूट करते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी तीसरे किसी की नहीं है। आपके पास कोई सबूत है, साक्ष्य है तो आप सुप्रीम कोर्ट जाइए। क्योंकि अगर कहीं कानून का उल्लंघन होता है, तो सुप्रीम कोर्ट ही अंतिम रास्ता है।'
विपक्ष को टाइमिंग पर भी घेरा
पूर्व सांसद ने कहा, 'लेकिन टाइमिंग आपके आंदोलन की क्या है? ये राग तो आप बहुत दिन से अलाप रहे हैं। राहुल जी ये राग बहुत दिन से अलाप रहे हैं। लेकिन टाइमिंग देखिए। एलन मस्क एक उद्योगपति है, उसका एक बयान आता है। उस बयान को वो ट्वीट करता है, राहुल जी रीट्वीट करते हैं। यहीं संदेह पैदा होता है कि आंदोलन किया नहीं जा रहा है, कराया जा रहा है।'
6 अक्टूबर से ही राजधानी दिल्ली में विपक्ष सक्रिय है। SIR और भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन जारी हैं।


