पश्चिम बंगाल: 'आप जय श्री राम नहीं, भारत माता की जय बोल सकते हैं', नंदीग्राम में अल्पसंख्यकों से बोले CM शुभेंदु
बीजेपी प्रत्याशी हसिरानी रथ के पक्ष में प्रचार करते हुए शुभेंदु ने कहा कि राज्य में TMC का अस्तित्व अब पूरी तरह खत्म हो चुका है, इसलिए बीजेपी से दूरी बनाए रखने का अल्पसंख्यक समाज को अब कोई फायदा नहीं होगा।

पश्चिम बंगाल की हाई-प्रोफाइल नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को होने जा रहे उप-चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने एक बड़ा दांव खेला है। शुक्रवार को नंदीग्राम के मुस्लिम बहुल इलाके बिरुलिया बाजार में रैली को संबोधित करते हुए शुभेंदु ने अल्पसंख्यक (मुस्लिम) मतदाताओं से बीजेपी को समर्थन देने की भावुक अपील की और इसे पार्टी के साथ "दोस्ती का हाथ बढ़ाने का सबसे शुभ अवसर" करार दिया।
बीजेपी प्रत्याशी हसिरानी रथ के पक्ष में प्रचार करते हुए शुभेंदु ने कहा कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस (TMC) का अस्तित्व अब पूरी तरह खत्म हो चुका है, इसलिए बीजेपी से दूरी बनाए रखने का अल्पसंख्यक समाज को अब कोई फायदा नहीं होगा।
“हम 'जय श्री राम' बोलते हैं, पर आप पर दबाव नहीं”
नंदीग्राम ब्लॉक-2 के बिरुलिया बाजार में, जहां परंपरागत रूप से अल्पसंख्यक आबादी ज्यादा होने के कारण बीजेपी को कड़ी चुनौती मिलती रही है।
शुभेंदु ने कहा, "हमारे साथ दोस्ती का हाथ बढ़ाने का यह सबसे बेहतरीन वक्त है। 6 अक्टूबर एक बेहद शुभ दिन है, और दोस्त के तौर पर हमारा हाथ थामने का ऐसा मौका दोबारा नहीं मिलेगा। हां, हम 'जय श्री राम' का नारा लगाते हैं, लेकिन हम आप पर यह बोलने का कोई दबाव नहीं बनाते। आप चाहें तो 'जय श्री राम' न बोलकर सिर्फ 'भारत माता की जय' बोल सकते हैं।"
शुभेंदु अपने पूर्व PA चंद्रनाथ रथ की हत्या का मुद्दा उठाया
शुभेंदु अधिकारी ने चुनाव को अपने पूर्व पीए स्वर्गीय चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या से जोड़ते हुए मतदाताओं से इसे एक 'लोकतांत्रिक प्रतिशोद' का जरिया बनाने को कहा।
हसिरानी रथ, चंद्रनाथ रथ की ही मां हैं। चंद्रनाथ की 6 मई (विधानसभा चुनाव नतीजों के ठीक अगले दिन) कोलकाता के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
शुभेंदु ने आरोप लगाया कि चंद्रनाथ का कसूर सिर्फ इतना था कि वह उनके करीब थे। उन्होंने कहा कि यूपी के शूटरों और बिहार के मुंगेर के लोगों के जरिए चंद्रनाथ के करीबी ने ही 2 करोड़ रुपए की सुपारी देकर यह हत्या करवाई थी, जिसका पैसा 'भाईपो गैंग' (अभिषेक बनर्जी की ओर परोक्ष इशारा) ने दिया था।
उन्होंने दावा किया कि सीबीआई इस मामले में 90% जांच पूरी कर चुकी है और कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। अब बस 'डायमंड हार्बर कंपनी' को औपचारिक रूप से जोड़ना बाकी है। उन्होंने कहा, "6 अक्टूबर को EVM पर बटन दबाकर चंद्रनाथ की हत्या का लोकतांत्रिक जवाब दिया जाना चाहिए।"
'बुआ-भतीजे का घांस-फूल अब गायब, TMC अब वजूद में नहीं'
ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर बिना नाम लिए तीखा तंज कसते हुए शुभेंदु ने कहा कि राज्य से तृणमूल का नाम-निशान मिट चुका है। चुनाव आयोग की तरफ से तृणमूल के दो गुटों (ममता बनर्जी और अरूप रॉय गुट) को अलग-अलग नाम और चुनाव चिह्न आवंटित किए जाने का हवाला देते हुए उन्होंने कहा:
"जब मैं नंदीग्राम से जीत का सर्टिफिकेट लेने गया था, तभी मैंने कहा था कि यहां टीएमसी का कोई नाम या सिंबल नहीं बचेगा। बुआ-भतीजे की जोड़ी की सूखी घास और जुड़वां फूल का सिंबल अब वजूद में ही नहीं है। जनता ने ममता बनर्जी की पार्टी को पूरी तरह उखाड़ फेंका है।"
टीएमसी प्रत्याशी संचिता डे प्रधान पर कटाक्ष करते हुए शुभेंदु ने कहा कि वे तो अपना नामांकन वापस लेकर "पतंग की तरह उड़ चुकी हैं"।
1 साल में 1 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा
अपनी सरकार के 5 महीनों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने कई बड़े विकास कार्यों और रोजगार योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने वादा किया कि कुछ ही महीनों में नंदीग्राम-देशप्राण-बाजकुल रूट पर ट्रेन सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।
उन्होंने घोषणा की कि मई 9, जिस दिन उन्होंने पीएम मोदी की मौजूदगी में शपथ ली थी, उससे एक साल के भीतर पारदर्शी तरीके से 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि बिना किसी विवाद और बिना किसी विरोध प्रदर्शन के 12,000 पुलिस कांस्टेबलों की मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है और वे 11 अक्टूबर को खुद उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों को वापस लाकर रोजगार देना उनकी जिम्मेदारी है और उनकी सरकार ने पूर्ववर्ती टीएमसी सरकार की ओर से बनाए गए असंवैधानिक ओबीसी आरक्षण नियमों को भी ठीक कर दिया है।
6 अक्टूबर को वोटिंग, त्रिकोणीय हुआ मुकाबला
गौरतलब है कि पूर्व मेदिनीपुर की नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद की रेजीनगर सीट पर 6 अक्टूबर को उप-चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।
नंदीग्राम में मुकाबला इसलिए भी बेहद दिलचस्प हो गया है क्योंकि एक तरफ बीजेपी की हसिरानी रथ मैदान में हैं, तो दूसरी तरफ जेल से अंतरिम जमानत पर बाहर आए कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान और टीएमसी के बागी व मुख्य धड़े के प्रत्याशी आमने-सामने हैं।


