महिलाओं को आज से मिलेंगे 3 हजार रुपए, बंगाल में अन्नपूर्णा भंडार योजना की शुरुआत; कैसे करें अप्लाई?
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि योजना का लाभ लेने के लिए महिलाएं ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकती हैं। यह योजना तृणमूल कांग्रेस सरकार की 'लक्ष्मी भंडार' योजना का जगह लेगी।

पश्चिम बंगाल में भाजपा की नवनिर्वाचित सरकार अपने चुनावी वादे को पूरा करते हुए आज से राज्य में अन्नपूर्णा योजना की शुरुआत करेगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बुधवार को इस योजना की औपचारिक शुरुआत करेंगे जिसके तहत राज्य में महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपए मिलेंगे। योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य की महिलाओं को डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से वित्तीय मदद मुहैया कराना है, ताकि वे अपने घरेलू खर्चों और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकें।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के चुनावी घोषणापत्र में किए गए प्रमुख वादों में से एक 'अन्नपूर्णा योजना' तृणमूल कांग्रेस सरकार की 'लक्ष्मी भंडार' योजना का जगह लेगी। लक्ष्मी भंडार योजना के तहत लाभार्थियों को हर महीने अधिकतम 1,500 रुपए मिलते थे। अब अन्नपूर्णा योजना के तहत करीब 2 करोड़ महिलाओं को लाभ मिलने की संभावना है। बीते सोमवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक संबोधन में बताया है कि सरकार की टीमें घर-घर जाकर महिलाओं को आवेदन प्रक्रिया में मदद करेंगी। वहीं मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकता है और इसके सुचारू संचालन के लिए विशेष टीम भी बनाई गई है।
कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकता है। आवेदन के लिए एक आधिकारिक पोर्टल: socialsecurity.wb.gov.in भी जारी किया गया है। आवेदन फॉर्म अंग्रेजी, हिंदी और बंगाली में उपलब्ध होगा। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक को कुछ शर्तें पूरी करनी होंगी-
- आवेदक महिला हो।
- पश्चिम बंगाल की स्थायी निवासी होनी चाहिए।
- आयु 25 से 60 साल के बीच होनी चाहिए।
- इनकम टैक्स पेयर ना हो।
- स्थायी या रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी न हो।
- केंद्र या राज्य सरकार, पंचायत, नगर निकाय या सरकारी फंडिंग वाले संस्थानों से नियमित वेतन या पेंशन नहीं मिलता हो।
- पश्चिम बंगाल के किसी सरकारी मदद मिलने वाले शैक्षणिक संस्थान में टीचिंग या नॉन-टीचिंग पद पर कार्यरत ना हो।
आवेदन प्रक्रिया
आवेदन प्रकिया के लिए सरकार ने 12 पन्नों का आवेदन फॉर्म जारी किया है। इसे भरने के बाद अधिकारी इसके वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। आवेदन प्रक्रिया 1 जून से अगले 90 दिनों तक जारी रहेगी। एप्लीकेशन की जांच और लाभार्थियों की पहचान वार्ड स्तर पर की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
- आधिकारिक पोर्टल socialsecurity.wb.gov.in पर जाएं।
- एप्लीकेशन फॉर्म डाउनलोड करें या एप्लीकेशन सेक्शन खोलें।
- निजी और पारिवारिक जानकारी भरें।
- आधार से लिंक बैंक खाते की जानकारी तैयार रखें।
- आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।
- आवेदन ऑनलाइन जमा करें या निर्धारित कार्यालय में जाकर जमा करें।
- आवेदन की रसीद या रेफरेंस नंबर लेना न भूले। इससे बाद में आवेदन की स्थिति ट्रैक की जा सकती है।
ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया
इच्छुक महिलाएं अपने नजदीकी ब्लॉक, नगरपालिका या पंचायत ऑफिस से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकती हैं। इसके अलावा, विधायक और ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) की टीमें घर-घर जाकर भी लोगों की मदद करेंगी। जानकारी खुद मुताबिक सरकार 15 से 17 जून तक राज्यभर में "जनकल्याण शिविर" आयोजित करेगी, जहां आवेदन फॉर्म जमा किए जा सकेंगे।
आवेदन के लिए क्या हैं जरूरी दस्तावेज?
- आधार कार्ड
- वोटर आईडी कार्ड
- निवास प्रमाण पत्र
- बैंक पासबुक या बैंक स्टेटमेंट
- पासपोर्ट साइज फोटो
कैसे चेक करें एप्लीकेशन स्टेटस?
ऑनलाइन स्टेटस चेक करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। फिर "Track Application" विकल्प पर क्लिक करें। यहां अपना एप्लीकेशन रेफरेंस नंबर दर्ज करें। इससे आपको अपने आवेदन की स्थिति आसानी से पता चल जाएगी। वहीं ऑफलाइन चेक करने के लिए स्थानीय ब्लॉक या नगर पालिका कार्यालय जाकर आवेदन की रसीद दिखाकर स्थिति की जानकारी ली जा सकती है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

