पश्चिम बंगाल में जानवर चोरी के शक में मॉब लिंचिंग! भीड़ ने 2 लोगों को उतारा मौत के घाट
सिलिगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के ACP ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित बागडोगरा इलाके के पास मवेशी (गाय-भैंस) चोरी के शक में बेकाबू भीड़ की किए गए जानलेवा हमले में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन और लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने मृतकों की पहचान मोहम्मद साहिद अख्तर और शाह मोहम्मद के रूप में की है।
सिलिगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के ACP ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों का इलाज चल रहा है और मामले की गहन जांच जारी है।
फोन पर मिली मौत की खबर: रो पड़ी मृतक की बेटी
घटना के बाद मृतक मोहम्मद साहिद अख्तर की बेटी साहिन परवीन का रो-रोकर बुरा हाल है। अपने पिता के लिए न्याय की गुहार लगाते हुए साहिन ने कहा, "अब्बू मवेशी हाट (कैटल मार्केट) गए थे, वे अक्सर वहां जाते थे। हमें लगा कि वे रोजाना की तरह लौट आएंगे, लेकिन जब वे देर तक नहीं आए तो हमने पता करना शुरू किया। तभी एक अनजान आदमी का फोन आया और उसने बताया कि अब्बू की हालत बेहद नाजुक है, पुलिस को लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचो। थोड़ी देर बाद फोन पर ही पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है।"
रोते हुए साहिन ने आगे कहा, "हमें पूरी बात नहीं पता, बस इतना मालूम है कि उन्हें बेहद बेरहमी से मार डाला गया। हम न्याय चाहते हैं। किसी को इतनी बेरहमी से मारने का हक किसने दिया? हर इंसान से गलतियां होती हैं, लेकिन गलती की सजा जान लेना तो नहीं हो सकती।"
भीड़ की हिंसा पर पुलिस का एक्शन, जांच तेज
सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को तितर-बितर कर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस उन अफवाहों और उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है जिन्होंने भीड़ को उकसाया। हमले में घायल तीन अन्य लोगों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
पश्चिम बंगाल के इस इलाके में मवेशी चोरी के शक में हुई इस लिंचिंग की घटना के बाद तनाव फैल गया है, जिसके चलते पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।


