बंगाल में CEC से मिले राजनीतिक दल; देसी बम पर जताई चिंता, कितने चरणों में होगा चुनाव?

Mar 09, 2026 03:11 pm ISTNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने बताया, 'राज्य में चुनाव कराने से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। कई दलों ने सुझाव दिया कि चुनाव एक या दो चरणों में कराया जाए और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने में सहयोग का आश्वासन दिया।'

बंगाल में CEC से मिले राजनीतिक दल; देसी बम पर जताई चिंता, कितने चरणों में होगा चुनाव?

पश्चिम बंगाल में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार सहित निर्वाचन आयोग के शीर्ष अधिकारियों से सोमवार को मुलाकात की। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में अधिकतम 2 चरणों में मतदान कराने का आग्रह किया। एक सीनियर अफसर ने यह जानकारी दी। तृणमूल कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, नेशनल पीपुल्स पार्टी सहित अन्य दलों के प्रतिनिधियों ने कुमार से मुलाकात की। इस दौरान, सीईसी के साथ निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी व पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल भी थे।

निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने बताया, 'राज्य में चुनाव कराने से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। कई दलों ने सुझाव दिया कि चुनाव एक या दो चरणों में कराया जाए और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने में सहयोग का आश्वासन दिया।' राजनीतिक दलों ने निर्वाचन आयोग से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और चुनाव के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने से रोकने के लिए कड़े कदम उठाने का आग्रह किया। आयोग के अधिकारी ने कहा, 'उन्होंने (राजनीतिक दलों) हिंसा रोकने और मतदाताओं के निर्भिकता से मतदान करने को सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में केंद्रीय सशस्त्र बलों की तैनाती सहित मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया।'

देसी बम, अवैध हथियार को लेकर भी चिंता

कुछ दलों ने चुनाव के दौरान देसी बम, अवैध हथियार और धन या बाहुबल के संभावित इस्तेमाल को लेकर भी चिंता जताई। बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने राजनीतिक दलों को आश्वासन दिया कि चुनाव पूरी तरह से कानून के अनुसार कराए जा रहे हैं। राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अधिकारी के अनुसार, चुनाव पूर्व बैठक में कुमार ने कहा, 'हिंसा के प्रति निर्वाचन आयोग की कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति है। हम निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।' उन्होंने यह भी दोहराया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन करने के लिए फार्म 6, 7 और 8 अभी भी भरे जा सकते हैं।

वहीं, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने निर्वाचन आयोग से पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव केवल एक चरण में कराने की मांग की है। निर्वाचन आयोग की पूर्ण पीठ के साथ बैठक से बाहर आने के बाद पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के सचिव मोहम्मद सलीम ने कहा कि बहु-चरणीय चुनाव असामाजिक तत्वों को विभिन्न स्थानों पर जाने में सुविधा प्रदान करते हैं। सलीम ने कहा, 'हमने विशेष रूप से मांग की है कि चुनाव एक ही चरण में कराए जाएं, अगर ऐसा नहीं होता है, तो दो से अधिक चरण में चुनाव नहीं कराए जाने चाहिए।' पश्चिम बंगाल में वर्ष 2021 का विधानसभा चुनाव 8 चरणों में हुआ था। तृणमूल कांग्रेस ने 294 सीट वाली विधानसभा में शानदार जीत हासिल की, जबकि माकपा के नेतृत्व वाला वाम मोर्चा अपना खाता भी नहीं खोल पाया।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।