श्रावण में मंदिर जाने वालों पर हेलिकॉप्टर से हर सोमवार बरसाएंगे फूल, शुभेंदु अधिकारी सरकार का ऐलान
पश्चिम बंगाल में सालाना रथ यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं। इसे लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बड़ी बैठक की थी, जिसमें श्रद्धालुओं को लेकर कई बड़ी घोषणाएं की। साथ ही पिछली सरकार पर भी निशाना साधा है।

श्रावण के महीने में मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं पर हेलिकॉप्टर से फूल बरसाने की तैयारी है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह ऐलान किया है। खास बात है कि राज्य में सालाना रथ यात्रा की तैयारियां जारी हैं, जिसे लेकर सीएम शुभेंदु ने सचिवालय में बैठक की थी। यात्रा 16 जुलाई को निकाली जाएगी। इस दौरान उन्होंने शिव भक्तों के लिए कई तरह की घोषणाएं की हैं।
सोमवार को मुख्यमंत्री ने ऐलान किया है कि हर सोमवार को शिव मंदिर पर जल चढ़ाने वालों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराई जाएगी। हालांकि, यह प्रक्रिया मौसम की स्थिति पर निर्भर होगी और श्रावण के पूरे महीने चलेगी। श्रावण मास 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगा। इसके अलावा उन्होंने सेवा केंद्र स्थापित करने का भी ऐलान किया है।
पुलिस सेवा से ORS तक होगा उपलब्ध
उन्होंने घोषणा की, 'सरकार शेउराफुली से तारकेश्वर तक हर पांच किमी पर सेवा केंद्र स्थापित कर रही है। श्रावण मेला के रास्ते पर निश्चित दूरियों पर सेवा केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि जल लेकर जा रहे लोगों को भी सुविधाएं मिल सकें।' उन्होंने कहा, 'हम तारकेश्वर धाम में 15 करोड़ रुपये के विकास कार्य कर रहे हैं।'
इन लोकेशन्स पर मिलेगी सुविधा
अधिकारी ने कहा कि सरकार ने तीन बड़े तीर्थस्थल केंद्र बनाए हैं। इनमें तारकेश्वर, जलपेश मंदिर और भूटान सीमा के पास जयंती क्षेत्र का मंदिर शामिल है। इन जगहों पर श्रद्धालुओं को विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि पुलिस सहायता कैंप, स्वास्थ्य सेवाएं, पीने का पानी, ओआरएस और आराम करने की सुविधा भी मिलेगी।
60 रथ यात्रा समितियों को पांच-पांच लाख रुपये
सीएम ने यह भी ऐलान किया है कि पश्चिम बंगाल सरकार इस साल 16 जुलाई को होने वाले रथ यात्रा उत्सव से पहले राज्य की 60 रथ यात्रा समितियों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। उन्होंने कहा, 'कोलकाता में हर साल कई रथ यात्रा समारोह आयोजित किए जाते हैं। लेकिन पिछली सरकार केवल पुलिसकर्मियों की तैनाती करके अपनी जिम्मेदारी पूरी कर देती थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकास भी, विरासत भी' के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर हमारी सरकार ने इस वर्ष की रथ यात्रा में सक्रिय रूप से भाग लेने का निर्णय लिया है। सरकार ने 60 प्रतिष्ठित रथ यात्रा समितियों को पांच-पांच लाख रुपये का अनुदान देने का फैसला किया है। साथ ही, राज्य भर में लगने वाले 75 पारंपरिक रथ यात्रा मेलों में श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सेवा केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।'
अधिकारी ने कहा, 'दूसरे राज्यों में मैंने देखा है कि सरकारें ऐसी धार्मिक परंपराओं का सक्रिय रूप से समर्थन करती हैं। पश्चिम बंगाल को सालों से ऐसा समर्थन नहीं मिला। यह सरकार वह समर्थन देगी।'
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें

