ममता बनर्जी ने हिंदू धर्म को गंदा बोला, उसका नाम मत लो; शुभेंदु अधिकारी की नसीहत
शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में इससे पहले सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस साल उनकी सरकार ने 12,400 नई दुर्गा पूजाओं को इजाजत दी है। पिछली सरकार ने ऐसा नहीं किया।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को एक पूजा पंडाल पहुंचे शुभेंदु अधिकारी ने पत्रकारों से बात करते हुए यह तक कह दिया कि वे पंडाल में ममता बनर्जी का नाम ना लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि ममता बनर्जी हिंदू धर्म का अपमान कर चुकी हैं और पूजा प्रांगण में ऐसे लोगों का नाम लेना सही नहीं।
शुभेंदु अधिकारी यहां बंगाल में दुर्गा पूजा उत्सव पर बात कर रहे थे। इस दौरान ममता बनर्जी से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “दुर्गा पूजा पंडाल के भीतर उसका (ममता बनर्जी) नाम मत लीजिए। जिसने हिंदू धर्म को गंदा धर्म बताया था, उनका नाम दुर्गा पूजा पंडाल में मत लीजिए।”
किस बयान का हवाला
दरअसल शुभेंदु अधिकारी ममता बनर्जी के एक पुराने बयान का जिक्र कर रहे थे। पिछले साल ईद पर आयोजित एक मंच से ममता बनर्जी ने कथित तौर पर एक विवादित टिप्पणी की थी, जिस पर खूब बवाल हुआ था। ममता ने इस कार्यक्रम में भाजपा पर हमला बोलते हुए था, "मैं उस गंदे धर्म को नहीं मानती जिसे भाजपा ने बनाया है, जिसे इस 'जुमला पार्टी' ने जानबूझकर बनाया है।" आरोप है कि उन्होंने भाजपा प्रचारित हिंदू धर्म के स्वरूप को गंदा धर्म कहकर संबोधित किया।
इस सिलसिले में ममता बनर्जी के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। सिलीगुड़ी में ममता बनर्जी के खिलाफ एक वकील की शिकायत पर आपराधिक मामला दर्ज किया गया थ। शिकायत में उन पर हिंदू धर्म को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप लगाए गए।
बंगाल में सनातनी माहौल- शुभेंदु अधिकारी
बातचीत के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने आगे कहा कि राज्य में इस बार सनातनी माहौल है। अधिकारी ने कहा कि इस साल पूरे बंगाल में भव्य नजारा देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने राज्य में 12,400 नई दुर्गा पूजाओं को अनुमति दी है, जो पिछली सरकारों ने नहीं दी। उन्होंने कहा, “पिछली सरकार सनातन विरोधी थी। उन्होंने इन 12,400 नई पूजाओं को अनुमति नहीं दी थी।” गौरतलब है कि बीते मई महीने में भाजपा ने बंपर जीत दर्ज कर ममता बनर्जी की TMC को सत्ता से हटा दिया था।


