नौकरी गंवाने वाली शिक्षिका से नंदीग्राम की उम्मीदवार तक, ममता बनर्जी की पसंद संचिता प्रधान डे कौन?

लाइव हिन्दुस्तान
share

ममता बनर्जी ने टीएमसी की सबसे महत्वपूर्ण सीट पर शिक्षिका संचिता प्रधान डे को उम्मीदवार बनाया है। इस फैसले के साथ यह भी साफ हो गया है कि 15 साल में पहली बार ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल विधानसभा में नहीं दिखेंगी।

Mamata choice Sanchita Pradhan Dey
ममता बनर्जी की पसंद संचिता प्रधान डे

पश्चिम बंगाल में उपचुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने नंदीग्राम उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी ने यहां संचिता प्रधान डे को मैदान में उतारा है। इस घोषणा के साथ ही साफ हो गया कि पिछले 15 साल में पहली बार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विधानसभा में नहीं दिखेंगी। विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद कई लोगों का अनुमान था कि ममता बनर्जी खुद नंदीग्राम से उपचुनाव लड़ सकती हैं। लेकिन टीएमसी ने संचिता प्रधान डे का नाम घोषित कर दिया है। इससे ये अटकलें अब खत्म हो गई हैं।

नंदीग्राम और रेजिनगर में उपचुनाव 6 अक्टूबर को होगा। यह 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच दूसरा चुनावी मुकाबला होगा। इससे पहले पूर्व मंत्री अखिल गिरी के कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के घर जाने से अटकलें चली थीं कि नंदीग्राम का टिकट उन्हें मिल सकता है। लेकिन रविवार को कालीघाट तृणमूल यानी ममता गुट ने संचिता प्रधान डे को उम्मीदवार घोषित कर दिया। अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि हमारी माननीय अध्यक्ष ममता बनर्जी के मार्गदर्शन में नंदीग्राम और रेजिनगर उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। हम संचिता प्रधान डे और रबीउल आलम चौधरी को शुभकामनाएं देते हैं।

बता दें कि नंदीग्राम ममता बनर्जी के लिए भावनात्मक और राजनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण सीट है। 2007 के नंदीग्राम आंदोलन के बाद ही 2011 में ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में सत्ता में आई थीं। फिर भी पार्टी ने किसी बड़े नेता की जगह अपेक्षाकृत नए चेहरे को चुना है। 2026 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने नंदीग्राम से पाबित्रो कर को उतारा था। उस चुनाव में भाजपा के शुभेंदु अधिकारी जीत गए थे। अब उपचुनाव में टीएमसी की उम्मीदवार संचिता डे उसी मतदान केंद्र की मतदाता हैं, जहां पाबित्रो कर हैं।

कौन हैं संचिता प्रधान डे?

संचिता प्रधान डे करीब 40 वर्ष की हैं। वे नंदीग्राम के बोयाल प्राइमरी स्कूल में शिक्षिका हैं। उनकी कहानी सामान्य राजनीतिक उम्मीदवार से अलग है। कथित शिक्षक भर्ती घोटाले में करीब 26000 शिक्षकों की नियुक्ति रद्द होने के बाद उनकी नौकरी चली गई थी। बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें नौकरी वापस मिली।

बताया जाता है कि वे 2008 से तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी हुई हैं। 2018 से 2023 तक पंचायत समिति की सदस्य रहीं। 2023 के पंचायत चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम-2 से पंचायत समिति का चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं। फिर भी पार्टी ने उन्हें नंदीग्राम जैसी बड़ी सीट पर उतार दिया। टिकट मिलने के बाद उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरा करने की कोशिश करेंगी।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsनौकरी गंवाने वाली शिक्षिका से नंदीग्राम की उम्मीदवार तक, ममता की पसंद संचिता कौन