पिछली बार 8, लेकिन इस बार सिर्फ दो फेज में बंगाल में चुनाव; 5 साल में कैसे बदले हालात
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के लिए विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग की घोषणा की सबसे खास बात यह है कि इस बार यहां पर दो ही चरणों में चुनाव हो रहे हैं। यह पहली बार है जब बंगाल में दो चरणों में चुनाव होंगे।
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के लिए विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग की घोषणा की सबसे खास बात यह है कि इस बार यहां पर दो ही चरणों में चुनाव हो रहे हैं। यह पहली बार है जब बंगाल में दो चरणों में चुनाव होंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। अभी तक के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की बात करें तो 2011 तक यह कम से कम पांच चरणों में संपन्न होता रहा। वहीं, 2021 के विधानसभा चुनाव में बंगाल में आठ चरणों में वोट डाले गए थे। पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं, जहां तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी 2011 से सत्ता में हैं।
बंगाल के विपक्षी दलों ने लगाई थी गुहार
बताया जाता है कि पश्चिम बंगाल में केवल दो चरणों में चुनाव कराए जाने के फैसले के पीछे पश्चिम बंगाल के विपक्षी दलों द्वारा चुनाव आयोग से लगाई गई गुहार है। 9 मार्च को चुनाव आयोग से मीटिंग के दौरान बंगाल में विपक्षी दलों ने आयोग से तीन से कम चरणों में चुनाव कराए जाने की अपील की थी। उस वक्त भारतीय जनता दल के डेलिगेशन ने प्रस्ताव रखा था कि चुनाव एक ही चरण या अधिक से अधिक दो चरण में कराया जाय। भाजपा ने छह हफ्तों तक सात या आठ फेज में चुनाव कराए जाने को सही नहीं बताया था।
हिंसा रहित चुनाव की मांग
इसके साथ ही भाजपा ने चुनाव आयोग से राज्य में हिंसा-रहित चुनाव सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया था। उसने चुनाव आयोग को 16-बिंदुओं का ज्ञापन सौंपा, जिसमें सुरक्षा व्यवस्थाओं से संबंधित चिंताओं सहित विभिन्न मुद्दे उठाए गए। इसी बीच, सीपीआई(एम) ने भी चुनाव एक चरण में कराने की मांग की। पार्टी का कहना था कि कई चरणों में मतदान कराने से निर्वाचन क्षेत्रों के बीच विरोधी सामाजिक तत्वों की आवाजाही संभव होती है, जो चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को प्रभावित कर सकती है।
बता दें कि निर्वाचन आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल, केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषण की। सभी राज्यों में मतगणना चार मई को होगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए दो चरण में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा। उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा।
कुमार ने बताया कि केरल, असम और पुडुचेरी के लिए नौ अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा। उन्होंने बताया कि चारों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 824 सीटों पर मतगणना चार मई को होगी। कुमार ने कहाकि चुनाव हिंसा या प्रलोभन से मुक्त होने चाहिए और आयोग किसी भी उल्लंघन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। कुमार के साथ दो निर्वाचन आयुक्त-सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी भी मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


