Hindi NewsIndia NewsWEF annual conference begins today in Davos with India preparing for a strong presence
अजित डोभाल, 6 CM जा रहे, दावोस में दिखेगा दमदार भारत; पाकिस्तान से कौन आ रहा

अजित डोभाल, 6 CM जा रहे, दावोस में दिखेगा दमदार भारत; पाकिस्तान से कौन आ रहा

संक्षेप:

भारतीय नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान कई समूह चर्चाओं में भाग लेने की उम्मीद है, जिसमें क्या भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है विषय पर एक चर्चा भी शामिल है। इसके अलावा वे द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।

Jan 19, 2026 11:22 am ISTNisarg Dixit हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

WEF यानी विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक सोमवार से दावोस में शुरू हो रही है। इस बैठक में भारत दमदार प्रतिनिधित्व के लिए तैयार है। पांच दिवसीय इस आयोजन में दुनिया भर के दिग्गज दुनिया की चुनौतियों पर चर्चा करेंगे। सरकार, व्यापार, शिक्षा, नागरिक समाज और श्रम संघों के 3000 से अधिक नेता इस बैठक में शामिल हो रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी मंत्रिमंडल के पांच सदस्यों के साथ बैठक में शामिल होंगे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

चार केंद्रीय मंत्री, छह सीएम शामिल हो रहे

भारत से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के अलावा केंद्रीय मंत्रियों - अश्विनी वैष्णव, शिवराज सिंह चौहान, प्रल्हाद जोशी और के राम मोहन नायडू के साथ ही छह मुख्यमंत्रियों और देश के 100 से अधिक शीर्ष सीईओ बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में शामिल होने वाले मुख्यमंत्रियों में महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, आंध्र प्रदेश के एन चंद्रबाबू नायडू, असम के हिमंत विश्व शर्मा, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, तेलंगाना के ए रेवंत रेड्डी और झारखंड के हेमंत सोरेन शामिल हैं।

इसके अलावा, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष रमेशभाई संघवी (भाजपा) और उत्तर प्रदेश का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी दुनिया भर के अमीर और शक्तिशाली लोगों के इस वार्षिक जमावड़े के लिए दावोस की यात्रा करेंगे।

भारतीय नेता कई चर्चाओं में शामिल होंगे

भारतीय नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान कई समूह चर्चाओं में भाग लेने की उम्मीद है, जिसमें क्या भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है विषय पर एक चर्चा भी शामिल है। इसके अलावा वे द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन इरानी भी अलायंस फॉर ग्लोबल गुड: जेंडर इक्विटी एंड इक्वालिटी की संस्थापक और चेयरपर्सन के रूप में वहां मौजूद रहेंगी, जिसकी स्थापना कुछ साल पहले दावोस में ही हुई थी।

इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी, टाटा समूह के एन चंद्रशेखरन, बजाज समूह के संजीव बजाज, जुबिलेंट भरतिया समूह के हरि एस भरतिया और टीवीएस मोटर के सुदर्शन वेणु भी शामिल होंगे। बैठक में कई भारतीय कंपनियों के सीईओ भी शामिल होंगे।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार, वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी भी वहां मौजूद रहेंगे।

Davos

इंडिया पवेलियन का संदेश: भारत के साथ पार्टनरशिप करें

डब्ल्यूईएफ की बैठक में बर्फ से ढकी दावोस शहर की गलियों में हर जगह लिखा हुआ है -भारत के साथ पार्टनरशिप करें और भविष्य को सब्सक्राइब करें। इंडिया पवेलियन का यह मुख्य संदेश है। टॉप इंडस्ट्री चैंबर सीआईआई के पवेलियन में भी ऐसा ही मैसेज है।

भारत की कई बड़ी आईटी कंपनियों ने भी अपने पवेलियन और लाउंज सजाए हैं, और उनके लिए कॉमन थीम एआई। उनके द्वारा लगाए गए चाय और कॉफी स्टॉल्स के अलावा, एक एआई लाउंज भी है। विप्रो और टीसीएस के लाउंज के विपरीत दिशाओं में एक-दूसरे के सामने हैं, जबकि इंफोसिस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा भी आसपास ही हैं। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश, केरल और तेलंगाना सहित विभिन्न राज्य सरकारों के पवेलियन भी हैं।

दावोस में सुरक्षा कड़ी

दावोस में पांच हजार से ज्यादा सशस्त्र बल के जवान, अहम जगहों पर स्नाइपर्स, एआई से लैस ड्रोन और स्पाइवेयर और जासूसी का मुकाबला करने के लिए खास उपकरण सुरक्षा में तैनात हैं। स्विटजरलैंड के इस छोटे से शहर में इससे पहले इतनी सुरक्षा कभी नहीं रही। सभी एंट्री पॉइंट्स के साथ-साथ रैंडम जगहों पर भी चेकिंग की जा रही है।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।