'जब तक न होगा पूरा काम, तब तक धरने पर बैठे रहेंगे हम'; SC के दो जजों ने किसे और क्यों थमा दिया अल्टीमेटम

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

इससे पहले अक्टूबर 2025 और सितंबर 2026 में भी कोर्ट ने मथुरा रोड के काफी व्यस्त हिस्से पर काम करने वाली रेड लाइट, फुट ओवरब्रिज या ट्रैफिक की गति कम करने वाले उपायों की कमी की ओर इशारा किया था।

justice JB Pardiwala and Justice K V Vishvanath
सुनवाई जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की बेंच कर रही थी।

सुप्रीम कोर्ट के दो जजों ने शुक्रवार को दो टूक शब्दों में लेकिन मजाकिया लहजे में कहा कि अगर अगली सुनवाई से पहले तक काम पूरा नहीं हुआ तो दोनों ही जज दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ जाएंगे। दरअसल हुआ यूं कि सुप्रीम कोर्ट में मथुरा रोड पर दिल्ली हाई कोर्ट जंक्शन और नेशनल जूलॉजिकल पार्क के पास मौजूद खतरनाक पैदल क्रॉसिंग को ठीक करने में हो रही देरी पर सुनवाई हो रही थी। सुनवाई जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की बेंच कर रही थी। इसी दौरान बेंच ने मजाकिया लहजे में एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) विक्रमजीत बनर्जी से कहा कि अगर 25 नवंबर से पहले मथुरा रोड पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे दोनों दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ जाएंगे।

इसके साथ ही बेंच ने दिल्ली हाई कोर्ट जंक्शन और नेशनल जूलॉजिकल पार्क के पास मौजूद खतरनाक पैदल क्रॉसिंग को ठीक करने में हो रही देरी पर असंतोष जताया। बेंच ने कहा कि इस जगह से हर दिन हजारों वकील, मुकदमों से जुड़े लोग और बच्चे गुजरते हैं। जस्टिस पारदीवाला ने कहा, “अगर आप अगली तारीख से पहले यह काम नहीं करते हैं, तो हम दोनों दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य गेट पर पहुंच जाएंगे और तब तक घर नहीं जाएंगे, जब तक आप काम पूरा नहीं कर लेते। यह पक्का है। हम वहां धरने पर बैठ जाएंगे, और मिस्टर बनर्जी (ASG) आपको भी घर नहीं जाने देंगे।”

वहां असल समस्या क्या है?

इस पर बनर्जी ने जवाब दिया कि उच्च स्तर पर चर्चा के बाद एक कमेटी इस मामले को देख रही है। हालांकि, कोर्ट ने ट्रैफिक की इस बुनियादी समस्या को ठीक करने में हो रही प्रशासनिक देरी पर सवाल उठाया। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पर पीठ ने कहा, “इसके लिए आपको कमेटी की क्या जरूरत है? क्या आपको कुछ इंजीनियर चाहिए? आप मिस्टर गौरव अग्रवाल (अमिकस क्यूरी) को ले लीजिए, वे आपकी मदद करेंगे। आपको हाई-लेवल कमेटी की क्या जरूरत है? मिस्टर अग्रवाल को कमेटी में शामिल कर लीजिए। वे बता देंगे कि वहां असल समस्या क्या है।”

जब तक आप यह काम पूरा नहीं कर लेते, हम घर नहीं जाएंगे

इसके बाद एक सख्त डेडलाइन तय करते हुए, पीठ ने कहा कि अब प्रशासनिक बहाने या स्पष्टीकरण कोई काम नहीं आएंगे। बेंच ने चेतावनी देते हुए कहा, "लेकिन यह काम 25 नवंबर से पहले पूरा हो जाना चाहिए। यह पक्का है। कोई और बहाना नहीं चलेगा, ठोस काम पूरा होना चाहिए। वरना आपके मुख्य सचिव को भी आपके बगल में यहां आना पड़ेगा। समझे?" अगर आप अगली तारीख से पहले ऐसा नहीं करते हैं, तो हम दोनों दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य गेट पर मौजूद रहेंगे, और जब तक आप यह काम पूरा नहीं कर लेते, हम घर नहीं जाएंगे।

टिप्पणियां हल्के-फुल्के अंदाज में

बता दें कि इससे पहले अक्टूबर 2025 और सितंबर 2026 में भी कोर्ट ने मथुरा रोड के काफी व्यस्त हिस्से पर काम करने वाली रेड लाइट, फुट ओवरब्रिज या ट्रैफिक की गति कम करने वाले उपायों की कमी की ओर इशारा किया था। हालांकि कोर्ट के आदेशों के बाद पैदल चलने वालों के लिए एक सिग्नल लगाया गया था, लेकिन एमिकस क्यूरी (न्याय मित्र) गौरव अग्रवाल ने बेंच को बताया कि यह अक्सर खराब रहता है। इसलिए, सिग्नलों को आपस में जोड़ने (सिंक्रोनाइज करने) और गाड़ियों की गति सीमित करने के लिए 'रंबल स्ट्रिप्स' लगाने की जरूरत है। अब इस मामले की सुनवाई 25 नवंबर को होगी। कोर्ट की ये टिप्पणियां भले ही हल्के-फुल्के अंदाज में की गई हों लेकिन ये ऐसे समय में आई हैं, जब राष्ट्रीय राजधानी में सड़कों पर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia News'जब तक न होगा पूरा काम, तब तक धरने पर बैठे रहेंगे हम'; SC के 2 जजों का अल्टीमेटम