पश्चिम एशिया के युद्ध से हम सब मिलकर निपटेंगे, 'मन की बात' में क्या बोले पीएम मोदी

Mar 29, 2026 12:32 pm ISTAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share

अपने मासिक रोडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि इससे हम सभी 140 करोड़ भारतवासियों को मिलकर निपटना है। प्रधानमंत्री मोदी ने जल संरक्षण की अपील भी की। 

पश्चिम एशिया के युद्ध से हम सब मिलकर निपटेंगे, 'मन की बात' में क्या बोले पीएम मोदी

मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के जरिए देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के चलते जो भी परिस्थितियां पैदा हो रही हैं, उनसे हम सभी 140 करोड़ भारतवासियों को मिलकर निपटना है। उन्होंने कहा, इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि स्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं। पीएम मोदी ने कहा, मैं अपने देशवासियों से कहना चाहता हूं कि आप सभी सतर्क रहें और किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें। इसके अलावा पीएम मोदी ने खेलों का जिक्र करते हुए युवाओं को प्रोत्साहित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने जल संरक्षण की भी अपील की है।

खाड़ी देशों का जताया आभार

प्रधानमंत्री ने कहा, मैं खाड़ी देशों में रह रहे और वहां काम करे एक करोड़ भारतीयों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए उन देशों का हार्दिक आभारी हूं। ऐसे कठिन समय में इस मामले में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मन की बात के 132वें एपिसोड में कहा, मैं देशवासियों से आग्रह करता हूं कि सभी एकजुट रहें और हमें इस चुनौती से बाहर निकलना है। जो लोग राजनीति कर रहे हैं उन्हें इसपर राजनीति नहीं करनी चाहिए। यह मामला 140 करोड़ देशवासियों के हित से जुड़ा है। सरकार जो निरंतर जानकारी दे रही है लोगों को केवल उसपर ही विश्वास करना चाहिए।

ऊर्जा का केंद्र है पश्चिम एशिया

प्रधानमंत्री ने कहा, जिस क्षेत्र में युद्ध चल रहा है वह हमारी ऊर्जा की आवश्यकताओं का सबसे बडा़ केंद्र है। दुनियाभर में डीजल और पेट्रोल को लेकर संकट की स्थिति बन रही है। भारत इन परिस्थितियों का भी डटकर सामना कर रहा है। लाखों परिवार उन देशों में काम करते हैं जो कि युद्ध की चपेट में हैं। ऐसे में मैं उन देशों का आभारी हूं जो कि 1 करोड़ से ज्यादा भारतीयों की मदद कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मार्च का महीना वैश्विक स्तर पर काफी उथल-पुथल वाला रहा। पहले भी मार्च में कोविड को लेकर हाहाकार मचा था। हमें लगा था कि कोविड से निकलने के बाद दुनिया नए रास्ते पर आगे बढ़ेगी। हालांकि दुनिया में लगातार युद्ध की परिस्थितियां बनती चली गईं जो कि दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र हमारे ऊर्जा जरूरतों, कच्चा तेल, गैस आदि ईंधन का प्रमुख केंद्र है। इस क्षेत्र में चल रहे युद्ध के कारण दुनिया भर में पेट्रोल, डीजल और गैस का संकट बन रहा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही मुश्किल हो गई है, जिससे व्यापार मार्ग प्रभावित हो रहे हैं। सरकार पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। देश में स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व 5.3 मिलियन टन से ज्यादा है और इसे बढ़ाया जा रहा है।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें