मोदी से मुलाकात के बाद विजय का बदला मिजाज? विपक्ष के प्रदर्शन में जूनियर मंत्री को भेजा, BJP पर चुप्पी
विजय ने हाल ही में चेन्नई में पीएम मोदी का स्वागत किया था। मेट्रो के एक नए हिस्से के उद्घाटन के दौरान उनके साथ सफर किया, उनके साथ मंदिर गए और एक सरकारी कार्यक्रम में उनके साथ मंच साझा किया था।

अभिनेता से नेता बने सी जोसेफ विजय तमिलनाडु में एक अल्पमत सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। उनपर हाल ही में एआईडीएमके विधायकों को तोड़ने के आरोप लगे। इस बीच वह एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिले। इसके बाद से उनका तेवर बदला-बदला नजर आ रही है। गुरुवार को जब चेन्नई में विपक्ष का विरोध प्रदर्शन चल रहा था तो उनकी पार्टी ने बहुत ही सीमित भागीदारी के साथ इसका समर्थन किया। ऐसा माना जा रहा है कि विजय थलपति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP को नाराज करने से बचना चाहते हैं।
आपको बता दें कि विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) इसी महीने की शुरुआत में कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन में शामिल हुई थी। कल जब मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन हुआ तो विजय ने सिर्फ स्कूल शिक्षा मंत्री ए. राजमोहन को भेजा। इस कार्यक्रम में TVK का कोई अन्य नेता या कार्यकर्ता मौजूद नहीं था। न ही वहां पार्टी का कोई झंडा दिखाई दिया। विजय के मंत्री ने जब अपना भाषण दिया तो उन्होंने मतदान के अधिकार का समर्थन जरूर किया लेकिन पूरे भाषण के दौरान एक भी बार भाजपा का नाम नहीं लिया।
केंद्र को नाराज करने से बचना चाहते हैं विजय
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु में इंडिया गठबंधन के नेताओं का मानना है कि अल्पमत सरकार होने के कारण वह केंद्र सरकार को नाराज करने से बचना चाहते हैं। टीवीके पर भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के घटक दल AIADMK के विधायकों को तोड़ने की कोशिश का आरोप भी है।
इंडिया में शामिल होने के बाद पहली रैली
आपको बता दें कि 3 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन में शामिल होने के बाद से TVK के लिए यह पहला विरोध प्रदर्शन था। विजय के मंत्री राजमोहन ने अपने भाषण के दौरान विजय को धन्यवाद दिया कि उन्होंने एक साधारण पार्टी कार्यकर्ता को इतने वरिष्ठ नेताओं के साथ एक मंच साझा करने का मौका दिया। उन्होंने अपने भाषण में एसआईआर पर विस्तार से बात की।
उन्होंने कहा, "भारत पर एसआईआर की यह पूरी प्रक्रिया थोपी गई है। TVK ने तमिलनाडु में सत्ता में आने से पहले ही बिहार में इस प्रक्रिया के लागू होने के समय से ही इसका विरोध किया था। हमारी यह आदत नहीं है कि विपक्ष में रहते हुए कुछ और कहें और सरकार में आने के बाद कुछ और।"
विजय कहां जाएंगे?
यह विरोध-प्रदर्शन तमिलनाडु की राजनीति के एक बेहद नाजुक मोड़ पर हुआ है। 12 अक्टूबर को DMK ने इंडिया गठबंधन से अलग होने की घोषणा कर दी। DMK ने कांग्रेस नेताओं पर धोखा देने और द्रविड़ पार्टी पर बार-बार हमले करने का आरोप लगाया। इससे पांच दिन पहले राहुल गांधी ने विजय के नीलांकरई स्थित आवास पर उनके साथ दोपहर का भोजन किया था। इस मुलाकात से ठीक पहले दोनों तरफ काफी अनिश्चितता बनी हुई थी। अगले ही दिन विजय ने चेन्नई में पीएम मोदी का स्वागत किया। मेट्रो के एक नए हिस्से के उद्घाटन के दौरान उनके साथ सफर किया, उनके साथ मंदिर गए और एक सरकारी कार्यक्रम में उनके साथ मंच साझा किया।


