विजय की TVK नहीं तोड़ेगी AIADMK के विधायक? मंत्री ने बताई आगे की रणनीति
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि अगर AIADMK के विधायक अपने पार्टी नेतृत्व से मतभेदों के चलते इस्तीफा देकर TVK में शामिल होना चाहते हैं, तो पार्टी समय आने पर उस पर विचार करेगी।

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की अगुवाई वाली सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सरकार और विपक्षी पार्टी AIADMK के बीच जारी राजनीतिक खींचतान के बीच TVK नेतृत्व ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री के. जी. अरुणराज ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी AIADMK के विधायकों को अपने पाले में लाने या दलबदल कराने के लिए कोई सक्रिय अभियान नहीं चला रही है।
हालांकि, स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि अगर AIADMK के विधायक अपने पार्टी नेतृत्व से मतभेदों के चलते इस्तीफा देकर TVK में शामिल होना चाहते हैं, तो पार्टी समय आने पर उस पर विचार करेगी।
6 AIADMK विधायकों का इस्तीफा सही, पर अयोग्यता कार्रवाई जारी रहेगी
स्वास्थ्य मंत्री का यह बयान मद्रास हाई कोर्ट के उस महत्वपूर्ण फैसले के ठीक एक दिन बाद आया है, जिसमें चीफ जस्टिस एस. ए. धर्माधिकारी और जस्टिस जी. अरुल मुरुगन की पीठ ने विधानसभा अध्यक्ष जे. सी. डी. प्रभाकर की ओर से AIADMK के 6 विधायकों के इस्तीफे स्वीकार किए जाने के फैसले को संवैधानिक रूप से वैध ठहराया है।
अदालत ने माना कि संविधान के अनुच्छेद 190 के तहत अध्यक्ष को केवल यह जांचना होता है कि इस्तीफा अपनी स्वेच्छा और वास्तविक है या नहीं। हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस्तीफा स्वीकार होने से विधायकों की ओर से व्हिप का उल्लंघन कर की गई पुरानी कार्रवाई खत्म नहीं होती।
हाई कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष को निर्देश दिया है कि AIADMK द्वारा दायर दलबदल विरोधी याचिकाओं पर 2 महीने के भीतर सुनवाई पूरी कर फैसला सुनाया जाए।
इस राजनीतिक विवाद का पूरा बैकग्राउंड
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों (4 मई) के बाद राज्य में एक नया राजनीतिक समीकरण बना था।
चुनाव में विजय की पार्टी TVK ने 108 सीटें जीतीं (बहुमत से 10 कम)। बाद में अन्य निर्दलीयों व अन्य समर्थन से उन्होंने सरकार बनाई। 13 मई को हुए फ्लोर टेस्ट के दौरान AIADMK के व्हिप के बावजूद उसके 25 विधायकों ने TVK सरकार के पक्ष में वोट दिया।
21 विधायकों ने बाद में पार्टी से माफी मांग ली और उन पर कार्रवाई रोक दी गई। लेकिन 6 मुख्य विधायकों (मरगथम कुमारवेल, पी. सत्यभामा, इसक्की सुब्बैया, एम. आर. विजयभास्कर, सी. विजयभास्कर और जयकुमार) ने 25 मई को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया और टीवीके (TVK) में शामिल हो गए।
उपचुनाव में TVK के सिंबल पर जीतीं दो महिला विधायक
AIADMK से इस्तीफा देकर TVK में शामिल हुईं मरगथम कुमारवेल (मदुरंतकम सीट) और पी. सत्यभामा (धारापुरम सीट) ने हाल ही में TVK के 'सीटी' चुनाव चिन्ह पर उपचुनाव लड़ा और भारी मतों से दोबारा जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचीं।
मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने इस उपचुनाव जीत को "लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत" करार देते हुए कहा था कि उनकी पार्टी ने बिना पैसे बांटे पारदर्शी तरीके से यह चुनाव जीता है।

