‘इंडिया’ के साथ विजय थलपति? SIR के खिलाफ प्रोटेस्ट में शामिल हुई TVK, अब आगे क्या

लाइव हिन्दुस्तान, चेन्नई
share

थलपति विजय की टीवीके भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हो गई है। गुरुवार को तमिलनाडु में वोटर लिस्ट में हेरफेर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ।

Joseph Vijay
थलपति विजय की टीवीके भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हो गई है।

थलपति विजय की टीवीके भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हो गई है। गुरुवार को तमिलनाडु में वोटर लिस्ट में हेरफेर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ। इस प्रदर्शन में सत्तारूढ़ टीवीके पहली बार विपक्षी गठबंधन के साथ इस प्रदर्शन में शामिल हुई। इसको लेकर वीसीके नेता थोल थिरुमावलवन ने शुक्रवार को बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में टीवीके ने तमिलनाडु यूनिट जॉइन की है। उम्मीद है कि भविष्य में टीवीके राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले इंडिया गठबंधन के विरोध प्रदर्शनों में शामिल होगी। बता दें कि कल के प्रदर्शन में नेताओं ने बारी-बारी से लोगों को संबोधित करते हुए एसआईआर की आलोचना की।

गौरतलब है कि कांग्रेस और वीसीके, विधानसभा चुनाव से पहले द्रमुक के सहयोगी दल थे। मई में दोनों दल टीवीके सरकार में शामिल हुए और बाद में सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ पार्टी नीत गठबंधन का हिस्सा बन गए। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए टीवीके नेता और स्कूल शिक्षा मंत्री ए. राजमोहन ने कहा कि उनकी पार्टी शुरुआत से ही एसआईआर का विरोध करती रही है। उन्होंने इसे अलोकतांत्रिक और बी. आर. आंबेडकर द्वारा स्थापित समानता के सिद्धांतों के लिए हानिकारक बताया।

राजमोहन ने कहा कि टीवीके ने एसआईआर लागू किए जाने के खिलाफ कानूनी कदम भी उठाए हैं। इनमें बिहार जैसे राज्यों में इसके क्रियान्वयन को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख करना शामिल है। दूसरी ओर, थिरुमावलवन ने द्रमुक का बचाव करते हुए आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत 97 लाख से अधिक वोटों की चोरी हुई, जिसमें मुख्य रूप से अल्पसंख्यक और अनुसूचित जाति समुदायों को निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि इसके कारण पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र में हार का सामना करना पड़ा और उनकी पार्टी भी चुनाव हार गई।

स्टालिन ने 2011 से लगातार तीन बार कोलाथुर सीट पर जीत दर्ज की थी। लोकसभा सदस्य थिरुमावलवन ने आरोप लगाया कि मतदाताओं के नाम योजनाबद्ध तरीके से हटाने और चुनावी हेरफेर के जरिए द्रमुक को हराया गया। उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन सत्तारूढ़ दल के खिलाफ नतीजे सुनिश्चित करने के लिए कुछ लोगों को विशेष रूप से निशाना बनाया गया था। तमिलनाडु कांग्रेस के अध्यक्ष बी. माणिकम टैगोर ने मंच पर दिखे मतभेदों के बीच कहा कि केंद्र सरकार को एसआईआर को वापस लेने के लिए मजबूर करने के वास्ते विपक्षी दलों को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है।

विरुधुनगर से लोकसभा सदस्य टैगोर ने प्रदर्शन स्थल पर कहा कि एसआईआर को वापस कराकर हमें लोकतंत्र की रक्षा करनी है। यह तभी संभव होगा, जब मुख्य निर्वाचन आयुक्त इस्तीफा देंगे। उन्होंने ‘इंडिया’ गठबंधन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि टीवीके के हालिया समर्थन से उनके लोकतांत्रिक आंदोलन को मजबूती मिली है। टैगोर ने कहा कि गठबंधन ‘नफरत की राजनीति’ के खिलाफ लड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा नीत सरकार तानाशाहीपूर्ण तरीके से काम कर रही है।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia News‘इंडिया’ के साथ विजय थलपति? SIR के खिलाफ प्रोटेस्ट में शामिल TVK, अब आगे क्या