गरबा में मुसलमानों की एंट्री को लेकर VHP सख्त, अमृता फडणवीस के बयान से उलझी भाजपा
नितेश राणे ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग हिंदू नाम का इस्तेमाल करके गरबा कार्यक्रमों में आते हैं और हिंदू महिलाओं को निशाना बनाते हैं। इसे वे लव जिहाद कहते हैं।

महाराष्ट्र में गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में मुसलमानों के शामिल होने के मुद्दे ने सियासात को गरमा दिया है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने इसपर रोक लगाने की मांग की है। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने सार्वजनिक रूप से कहा कि सबको साथ लेकर चलना चाहिए। इस सबके बीच भाजपा इस मुद्दे को नरम करने की कोशिश करती दिख रही है। मुख्यमंत्री की पत्नी के बयान ने भाजपा को उलझन में डाल दिया है।
आपको बता दें कि नवरात्रि समारोह से पहले VHP कार्यकर्ता गरबा और डांडिया कार्यक्रमों के आयोजकों को हिदायत देते नजर आ रहे हैं। वे कह रहे हैं कि वे कार्यक्रम स्थल पर मुसलमानों के प्रवेश को रोकें और आधार कार्ड के जरिए ही इसमें शामिल होने वालों की पहचान सुनिश्चित करें। उन्होंने डांडिया में शामिल होने वालों को माथे पर तिलक लगाने के लिए भी कहा है।
नितेश राणे ने पहले किया विरोध, फिर नरम पड़े
मुख्यमंत्री की पत्नी ने भले ही इसका विरोध किया है, लेकिन फडणवीस की सरकार में शामिल कैबिनेट मंत्री नितेश राणे ने वीएचपी का साथ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ लोग हिंदू नाम का इस्तेमाल करके गरबा कार्यक्रमों में आते हैं और हिंदू महिलाओं को निशाना बनाते हैं। इसे वे लव जिहाद कहते हैं।
अमृता फडणवीस ने कहा कि उन्हें मुसलमानों के गरबा समारोहों में शामिल होने में कोई बुराई नहीं दिखती है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमारा त्योहार सबको साथ लेकर चलने वाला है। अगर कोई मुसलमान आता है, गरबा का आनंद लेता है और चला जाता है तो मुझे इसमें कुछ भी गलत नहीं लगेगा।"
अपने स्टैंड पर कायम है वीएचपी
इन तमाम बयानों के बाद VHP के राष्ट्रीय प्रवक्ता और संयुक्त सचिव श्रीराज नायर ने हिंदुवादी संगठन के स्टैंड को दोहराया। उन्होंने कहा, "VHP चाहती है कि नवरात्रि समारोहों में मुसलमानों पर पूरी तरह रोक लगे। एक संगठन के तौर पर VHP का अपना स्टैंड और नीतियां हैं। हम दूसरों की तरफ से कैसे बोल सकते हैं? कौन क्या कहता है, इसका विश्लेषण करना हमारा काम नहीं है।"
VHP ने कहा कि नवरात्रि एक हिंदू धार्मिक त्योहार है। नायर ने सवाल किया, "जब मुसलमान देवी-देवताओं की मूर्ति पूजा में विश्वास नहीं करते तो वे नवरात्रि के दौरान गरबा-डांडिया समारोहों में क्यों शामिल होना चाहते हैं?"
लव जिहाद का अड्डा बना देंगे मुसलमान: राणे
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने कहा गरबा और नवरात्रि कार्यक्रम लव जिहाद का अड्डा बन सकते हैं। राणे ने कहा था, "अगर गरबा और नवरात्रि लव जिहाद का अड्डा बनते रहेंगे तो VHP और हम जैसे हिंदुत्व कार्यकर्ताओं की यह जिम्मेदारी है कि हम इसे रोकें।" हालांकि अमृता के बयान के बाद उन्होंने थोड़ा नरम रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जो मुसलमान गरबा में हिस्सा लेते हैं, उन्हें साफ नीयत से ऐसा करना चाहिए।
राणे के बयान पर जब अमृता फडणवीस से पूछा गया तो उन्होंने कहा, "उन्होंने कुछ सोच-समझकर ही ऐसा कहा होगा। मैं इसकी गहराई में नहीं जाना चाहती।" उन्होंने कहा कि उनकी नजर में गरबा में हिस्सा लेने का आधार धर्म नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा, "गरबा एक राष्ट्रीय उत्सव है और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मनाया जाता है। इसलिए अगर किसी भी समुदाय या धर्म का कोई व्यक्ति शांति से और बिना किसी हंगामे के इसे देखने आना चाहता है तो मुझे लगता है कि यह ठीक है। लेकिन मैंने इस बात की गहराई से जांच नहीं की है कि इसके पीछे और क्या कारण हो सकते हैं।"


