
वंदे भारत यात्रियों के लिए खुशखबरी; यात्रा के दौरान मिलेगी यह खास सुविधा, और सुहाना होगा सफर
मीटिंग में फर्जी पहचान से ट्रेन टिकट बुकिंग पर भारतीय रेलवे की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने बताया कि फर्जी यूजर आईडी का पता लगाने और यूजर पहचान सत्यापित करने की सख्त व्यवस्था लागू हुई है, जिसके अच्छे नतीजे आए हैं।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को रेलवे भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी शामिल हुए। मीटिंग में यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और टिकट बुकिंग सिस्टम में सुधार पर जोर दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वंदे भारत ट्रेनों में क्षेत्रीय स्थानीय व्यंजन परोसे जाएं, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान उस इलाके की संस्कृति और स्वाद का अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा कि यह सुविधा यात्रियों के सफर को काफी बेहतर बनाएगी और भविष्य में इसे सभी ट्रेनों में विस्तारित किया जाएगा।

मीटिंग में फर्जी पहचान से ट्रेन टिकट बुकिंग पर भारतीय रेलवे की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। मंत्री वैष्णव ने बताया कि फर्जी यूजर आईडी का पता लगाने और यूजर पहचान सत्यापित करने की सख्त व्यवस्था लागू हुई है, जिसके सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं। सुधारों से पहले IRCTC वेबसाइट पर रोजाना करीब एक लाख नई यूजर आईडी बन रही थीं, जो अब घटकर मात्र 5 हजार रह गई हैं। इस कार्रवाई से भारतीय रेलवे ने अब तक 3 करोड़ फर्जी अकाउंट निष्क्रिय कर दिए हैं।
2.7 करोड़ यूजर आईडी अस्थायी रूप से निलंबित
इसके अलावा, संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर 2.7 करोड़ अन्य यूजर आईडी को अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है या निलंबन के लिए चिह्नित किया गया है। केंद्रीय मंत्री और राज्य मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि टिकटिंग सिस्टम में और सुधार किए जाएं, ताकि सभी वास्तविक यात्री आसानी से असली और सत्यापित यूजर आईडी के माध्यम से टिकट बुक कर सकें। इससे दलालों और फर्जी बुकिंग पर पूरी तरह अंकुश लगेगा। आम यात्रियों को राहत मिलेगी। यह कदम रेल यात्रा को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने की दिशा में बेहद अहम है।



