Hindi NewsIndia NewsVande Bharat Express trains PM Modi to launch Dr MGR Chennai Central Nagercoil Madurai Bengaluru
3 नई वंदे भारत ट्रेनों की मिलेगी सौगात; PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, जानें रूट और टाइमिंग

3 नई वंदे भारत ट्रेनों की मिलेगी सौगात; PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, जानें रूट और टाइमिंग

संक्षेप:
  • नागरकोइल तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस केवल उद्घाटन के दिन डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल स्टेशन से रवाना की जाएगी। मगर, इसकी नियमित सेवा चेन्नई एग्मोर से होगी। यह बुधवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी दिन चलेगी।

Fri, 30 Aug 2024 09:55 PMNiteesh Kumar भाषा
share Share
Follow Us on

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में 3 नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पीएमओ की शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पीएम मोदी दोपहर साढ़े 12 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेरठ-लखनऊ, मदुरै-बेंगलुरु और चेन्नई-नागरकोइल के बीच इन ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे। मेरठ सिटी-लखनऊ वंदे भारत से लगभग एक घंटा, चेन्नई एग्मोर-नागरकोइल वंदे भारत से 2 घंटे और मदुरै-बेंगलुरु वंदे भारत से यात्रा समय में डेढ़ घंटे की बचत होगी। नई वंदे भारत रेलगाड़ियां संबंधित क्षेत्रों के लोगों को तीव्रगति और सुविधा के साथ यात्रा करने के लिए विश्व स्तरीय सेवा प्रदान करेंगी। तीन राज्यों (उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक) के लोगों की लंबी समय से चल रही मांग को पूरा किया जाएगा।

पीएम मोदी इस तरह शनिवार को दक्षिण भारत में वंदे भारत की 2 नई ट्रेनों की शुरुआत करेंगे। चेन्नई में जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-नागरकोइल वंदे भारत और मदुरै- बेंगलुरु छावनी वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इसमें बताया गया कि नागरकोइल तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस केवल उद्घाटन के दिन डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल स्टेशन से रवाना की जाएगी। मगर, इसकी नियमित सेवा चेन्नई एग्मोर (चेन्नई एषुंबूर) से होगी। यह बुधवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी दिन संचालित की जाएगी।

यहां जान लीजिए टाइमिंग और रूट 

विज्ञप्ति के मुताबिक, रेलगाड़ी संख्या 20627 वंदे भारत एक्सप्रेस चेन्नई एग्मोर से सुबह 5 बजे रवाना होगी और उसी दिन दोपहर 1.50 बजे नागरकोइल पहुंचेगी। नागरकोइल जंक्शन पहुंचने से पहले यह तांबरम, विल्लुपुरम, तिरुचिरापल्ली, डिंडुगल, मदुरै, कोविलपट्टी और तिरुनेवेली में रुकेगी। बताया गया कि वापसी में यह ट्रेन संख्या 20628 के रूप में नागरकोइल जंक्शन से दोपहर 2.20 बजे रवाना होगी और रात 11 बजे चेन्नई एग्मोर पहुंचेगी।

मदुरै और बेंगलुरु छावनी के बीच वंदे भारत

बता दें कि मदुरै और बेंगलुरु छावनी के बीच वंदे भारत सेवा मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन ऑपरेट की जाएगी। ट्रेन संख्या 20671 के रूप में यह मदुरै से सुबह 5.15 बजे रवाना होगी और दोपहर 1 बजे बेंगलुरु छावनी पहुंचेगी। दक्षिण रेलवे के मुताबिक, यह रेलगाड़ी दोपहर 1.30 बजे बेंगलुरु छावनी से रवाना होगी और रात 9.45 बजे मदुरै पहुंचेगी। ट्रेन दोनों तरफ डिंडुगल, तिरुचिरापल्ली, करूर, नमक्कल, सलेम और कृष्णराजपुरम में रुकेगी। वंदे भारत प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की सोच को मूर्तरूप देने की सफलता का प्रतीक बताई जाती हैं। वंदे भारत ट्रेनें वर्तमान में तीव्र गति से चल रही गाड़ियों की तुलना में यात्रा समय को कम करेंगी।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।