
अमेरिका को होने लगी भारत की चिंता, रिपोर्ट जारी कर किया आगाह; चीन को लेकर क्या दावा?
अमेरिकी रक्षा विभाग ने हाल ही में करीब 100 पन्नों की एक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट को भारत को चीन से सावधान रहने की हिदायत दी गई है। अमेरिका के मुताबिक चीन भारत के साथ ड्यूल गेम खेल रहा है।
एशिया में चीन, रूस और भारत की तिकड़ी को करीब आता देख अमेरिका की धुकधुकी बढ़ने लगी है। इसका ताजा प्रमाण है अमेरिका की नई रिपोर्ट। इस रिपोर्ट में अमेरिका ने भारत को चीन के प्रति आगाह किया है। अमेरिका का कहना है कि चीन भारत के साथ दोहरी रणनीति अपना रहा है और भारत को इसके प्रति सचेत रहने की जरूरत है। रिपोर्ट में इस विषय पर विस्तृत विश्लेषण भी किया गया है।
पेंटागन ने चीन और उससे जुड़े खतरों को लेकर करीब 100 पन्नों की एक रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट में भारत और चीन के संबंधों पर भी चर्चा है। अमेरिकी रिपोर्ट के मुताबिक चीन नहीं चाहता कि भारत और अमेरिका के बीच गहरे रणनीतिक संबंध बने। पूरे रिपोर्ट में इस बात पर जोर दिया गया है कि जहां चीन ने LAC पर शांति बनाए रखने का दिखावा किया है, वहीं अलग-अलग तरीकों से भारत की संप्रभुता पर भी हमला करने की कोशिश की है।
रिपोर्ट में अरुणाचल प्रदेश का जिक्र है। अमेरिका का कहना है कि अरुणाचल प्रदेश दोनों देशों के बीच एक प्रमुख फ्लैशपॉइंट बना हुआ है, जहां चीन अपना दावा पेश करता है। रिपोर्ट के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश को ताइवान और दक्षिण चीन सागर जैसी ही श्रेणी में रखकर, चीन सीधे तौर पर भारत की संप्रभुता को चुनौती देता है।
अमेरिका ने चीन और पाकिस्तान के गठजोड़ को लेकर भी भारत को आगाह किया है। रिपोर्ट में कहा गया है चीन पाकिस्तान का सबसे बड़ा आर्म सप्लायर बना हुआ है और चीन ने 2020 से पाकिस्तान को 36 J-10C लड़ाकू विमान भेजे हैं, जिससे पाकिस्तान वायु सेना की क्षमता में काफी इजाफा हुई है। इसके अलावा चीन और पाकिस्तान मिलकर JF-17 लड़ाकू विमान भी बना रहे हैं।





