अमेरिका का दोगलापन देखिए! भारत को 100% टैरिफ की धमकी, लेकिन खुद रूस से करेगा खरीददारी
अमेरिका ने रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर 100 फीसदी तक टैरिफ लगाने का रास्ता साफ किया है। भारत और चीन पर भी असर पड़ सकता है। लेकिन बिल में रूस से परमाणु सहयोग के लिए अहम अपवाद क्यों रखा गया है?

अमेरिका रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर 100 फीसदी तक टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है। भारत और चीन जैसे रूस के बड़े ऊर्जा खरीदार इसके दायरे में आएंगे। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि रूस के खिलाफ इतनी सख्ती दिखाने वाला अमेरिका खुद अपनी परमाणु जरूरतों के लिए रूस से कुछ खास तरह का यूरेनियम खरीदने का रास्ता खुला रख रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि रूस के तेल पर सख्ती और यूरेनियम पर नरमी दिखाकर अमेरिका दोगलापन क्यों कर रहा है?
हाल ही में पास हुए बिल में अमेरिका ने रूस के साथ अपने परमाणु ईंधन से जुड़े हितों के लिए एक अहम रास्ता खुला रखा है। रूस के खिलाफ प्रतिबंधों वाले व्यापक कानून में एक ऐसा प्रावधान शामिल किया गया है, जिसके तहत अमेरिका-रूस के बीच नागरिक परमाणु सहयोग और कुछ खास तरह के यूरेनियम आयात पर प्रतिबंध लागू नहीं होंगे। यानी एक तरफ अमेरिका रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों को भारी टैरिफ की धमकी दे रहा है, वहीं दूसरी तरफ रूस से होने वाले कुछ परमाणु ईंधन संबंधी लेनदेन के लिए दरवाजा खुला रखा गया है।
100 फीसदी तक टैरिफ लगाने का अधिकार
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने बुधवार को 'लिंडसे ओ. ग्राहम रूस और ईरान पर प्रतिबंध लगाने वाला अधिनियम 2026' को मंजूरी दे दी। इस कानून के तहत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उन देशों पर 100 फीसदी तक टैरिफ लगाने का अधिकार मिलेगा, जो रूस से कच्चा तेल या प्राकृतिक गैस खरीद रहे हैं।
यह विधेयक रूस और ईरान के खिलाफ व्यापक प्रतिबंधों का हिस्सा है। इसका मकसद रूस से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों पर दबाव बढ़ाना है। लेकिन इसी व्यापक प्रतिबंध पैकेज के भीतर परमाणु क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण अपवाद भी रखा गया है।
रूस से यूरेनियम पर पूरी तरह रोक नहीं
कानून में अमेरिका के राष्ट्रपति को रूस से यूरेनियम आयात पर पहले से मौजूद प्रतिबंधों को लागू करने का निर्देश दिया गया है। इसमें खास तौर पर रोसाटॉम स्टेट एटॉमिक एनर्जी कॉर्पोरेशन और उसकी सहायक कंपनियों से आने वाले यूरेनियम का भी उल्लेख है। लेकिन इसी कानून की दूसरी धारा कुछ ऐसी गतिविधियों को प्रतिबंधों से बाहर रखती है। इसका मतलब यह है कि रूस से जुड़े हर परमाणु लेनदेन पर एक साथ और पूरी तरह रोक नहीं लगाई गई है।
सेक्शन 111 में क्या है?
कानून का सेक्शन 111 अमेरिकी राष्ट्रपति को रूस से यूरेनियम आयात को नियंत्रित करने वाले मौजूदा अमेरिकी कानून की आवश्यकताओं को लागू करने का निर्देश देता है। इसमें खास तौर पर Rosatom और उसकी किसी भी सहायक या उत्तराधिकारी इकाई से आने वाले यूरेनियम का उल्लेख किया गया है। लेकिन इसके बाद सेक्शन 114 दो महत्वपूर्ण अपवाद पेश करती है।
सेक्शन 114 के दो बड़े अपवाद
पहला अपवाद यह है कि प्रतिबंधों वाला हिस्सा अमेरिका-रूस के बीच नागरिक परमाणु सहयोग समझौते के तहत की जाने वाली गतिविधियों पर लागू नहीं होगा। ऐसे समझौते परमाणु ऊर्जा अधिनियम की धारा 123 के तहत किए गए हैं।
दूसरा अपवाद कुछ ऐसे कम-संवर्धित यूरेनियम (LEU) के आयात से जुड़ा है, जिनका इस्तेमाल परमाणु रिएक्टरों में किया जाता है और जो मौजूदा अमेरिकी कानून के दायरे में आते हैं। इसके अलावा कुछ मेडिकल आइसोटोप के आयात को भी छूट दी गई है, बशर्ते उनके लिए पहले से छूट जारी की गई हो।
अमेरिका रूस के यूरेनियम पर इतना निर्भर क्यों है?
इस अपवाद के पीछे अमेरिका की अपनी परमाणु ईंधन जरूरतों की एक बड़ी वजह है। रूस यूरेनियम संवर्धन के क्षेत्र में लंबे समय से एक बड़ा खिलाड़ी रहा है। अमेरिका ने रूस पर अपनी व्यापक आर्थिक निर्भरता कम करने की कोशिश जरूर की है, लेकिन परमाणु ईंधन के मामले में स्थिति अलग है। अमेरिका के नागरिक परमाणु संयंत्रों ने 2025 में 12.71 मिलियन सेपरेटिव वर्क यूनिट्स (SWU) की एनरिचमेंट सर्विसेज हासिल कीं। इनमें रूस की हिस्सेदारी 3.284 मिलियन SWU रही, जो कुल का करीब 26 फीसदी है।
वहीं अमेरिका में ही होने वाली एनरिचमेंट की हिस्सेदारी करीब 23 फीसदी रही। इसके अलावा फ्रांस, ब्रिटेन और नीदरलैंड्स भी अमेरिका को एनरिचमेंट सर्विसेज उपलब्ध कराते हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि परमाणु ईंधन के क्षेत्र में अमेरिका रूस पर किस हद तक निर्भर रहा है।

