भारत से इतनी नफरत? अमेरिकी कंपनी द्वारा 5 मिनट में 80 भारतीयों को नौकरी से निकालने का दावा
जानकारी के मुताबिक कुछ ही मिनटों की कॉल में उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। रेडिट पर एक यूजर ने अपनी आपबीती शेयर की है। हालांकि कंपनी की तरफ से आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।

अमेरिका में भारतीयों की बेरुखी की खबर नई नहीं है। समय-समय पर अमेरिकियों का भारतीयों के साथ नफरती और नस्लभेदी रवैया सामने आता है। अब हाल ही में एक अमेरिकी कंपनी की हैरतअंगेज खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक अमेरिकी कंपनी ने महज 5 मिनट की एक मीटिंग में 80 भारतीय कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक यूजर ने इसकी जानकारी साझा की है। हालांकि आधिकारिक रूप से खबर की पुष्टि नहीं हो पाई है। कंपनी का नाम भी फिलहाल सामने नहीं आया है और ना ही कंपनी की तरफ से आधिकारिक रूप से कुछ कहा गया है।
रेडिट पोस्ट के मुताबिक इस अमेरिकी फाइनेंशियल फर्म ने पूरी इंडियन कस्टमर सपोर्ट टीम को गूगल मीट पर एक कॉल पर बाहर का रास्ता दिखा दिया। रेडिट पर यूजर ने अपनी आपबीती सुनाई और कहा कि उसने कंपनी के लिए जी तोड़ मेहनत की, लेकिन कंपनी के अधिकारियों ने जरा भी इंसानियत नहीं दिखाई। उसने यह भी कहा कि कॉरपोरेट्स उन्हें कचरे की तरह कभी भी बाहर फेंक सकते हैं।
यूजर ने क्या बताया?
पीड़ित कर्मचारी ने अपने पोस्ट में बताया कि वह अमेरिकी कंपनी में कस्टमर सपोर्ट विभाग में काम करता था। एक दिन अचानक शाम की शिफ्ट में काम कर रहे कर्मचारियों को रात करीब साढ़े 9 बजे एक गूगल मीट का इनविटेशन मिला। इससे पहले कर्मचारियों से घर से काम करने को कहा गया था। कर्मचारी ने लिखा, “उन्होंने हमें गूगल मीट पर बुलाया और सीधे कहा कि पूरी भारतीय कस्टमर सर्विस टीम को फायर किया जाता है! पूरे 80 कर्मचारी! सिर्फ एक 5 मिनट की कॉल पर 80 परिवारों का भविष्य एकसाथ अधर में लटक गया।”
कंपनी के इस रवैये से दुखी कर्मचारी ने जॉब सिक्योरिटी पर गंभीर सवाल उठाए। कर्मचारी ने लिखा, "मुझे इस बात का अफसोस है कि मैंने इस नौकरी के लिए इतनी कड़ी मेहनत की। लेकिन ये कॉरपोरेट्स हमें कभी भी कचरे की तरह बाहर फेंक सकते हैं।" उसने लिखा कि समझ नहीं आ रही है अब उसे नई नौकरी कैसे मिलेगी।
अमेरिकी कंपनी ने क्यों किया ऐसा?
इस पोस्ट के फॉलो-अप कमेंट में कर्मचारी ने बताया कि कंपनी ने नौकरी छीनने की वजह भी बताई है। उसने बताया कि कंपनी का दावा किया कि भारतीय टीम से उन्हें मनमुताबिक आउटपुट नहीं दे रही थी। कंपनी ने भारतीय कर्मचारियों की तुलना अमेरिकी टीम से भी की और खराब परफॉर्मेंस का हवाला देते हुए पूरी टीम को बर्खास्त कर दिया।

