जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा, अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के बयान से तिलमिला उठेगा PAK

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

Sergio Gor visits Jammu Kashmir: अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर हैं। उन्होंने सीएम उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद कहा कि नई दिल्ली और स्थानीय सरकार ने यहां सुरक्षा को लेकर बेहतर काम किया है। उन्होंने कहा कि यह भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Sergio Gor visits Jammu Kashmir
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, जम्मू कश्मीर सीएम उमर अब्दुल्ला के साथ

Sergio Gor visits Jammu Kashmir: अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर इस समय जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। उन्होंने यहां मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। इस बैठक के बाद गोर ने जोर देकर कहा कि यहां आना बहुत खुशी की बात है। इस दौरान उन्होंने ऐसी बात कही, जिससे पड़ोसी देश पाकिस्तान का तिलमिलाना तय है। गोर ने कहा कि यह (जम्मू-कश्मीर) भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके साथ ही गोर ने कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि नई दिल्ली और स्थानीय सरकार ने इसके लिए बहुत काम किया है। अमेरिका की तरफ से जारी होने वाली ट्रैवल एडवायजरी में वह इस बात का ख्याल रखेंगे। हालांकि, गोर ने किसी भी तरह की घोषणा से इनकार किया।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात करने के बाद सर्जियो गोर ने मीडिया कर्मियों से बात की। इस दौरान उनके साथ उमर अब्दुल्ला भी मौजूद रहे। गोर ने कश्मीर की सुंदरता की तारीफ की। उन्होंने कहा, "यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह भारत का अहम हिस्सा है। मैं यहां पर पहली बार आया हूं। यह जगह बहुत ही ज्यादा खूबसूरत है। यहाँ आकर और इस जगह को देखकर मैं बहुत उत्साहित हूँ। हमारी अभी एक बहुत अच्छी मीटिंग हुई है। कुछ बातें आगे बढ़ानी हैं, जिन्हें हम वाशिंगटन और दिल्ली ले जाएँगे। बातचीत बहुत गर्मजोशी भरी और दोस्ताना रही और हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।"

अमेरिकी नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवायजरी पर भी बात

कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अमेरिका आम तौर पर चेतावनियां जारी करता रहता है। इस मुद्दे पर भी गोर ने बात की। उन्होंने कहा, "अमेरिका यात्रा से जुड़ी चेतावनियां जारी करता है और समय-समय पर हम उनकी समीक्षा भी करते हैं। मैं आज यहां कोई बड़ी घोषणा तो नहीं कर सकता, लेकिन हम इस पर जरूर विचार करेंगे। हमारा मानना ​​है कि नई दिल्ली, यहां के मुख्यमंत्री और सरकार ने इस इलाके को सुरक्षित बनाने और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए शानदार कदम उठाए हैं। इसलिए हम इस बात पर गौर करेंगे कि क्या अमेरिका की ओर से जारी यात्रा चेतावनी को कम किया जा सकता है। यह एक खूबसूरत इलाका है। मुझे लगता है कि बहुत से अमेरिकी यहां आकर इसकी खूबसूरती और यहां मौजूद अवसरों का आनंद लेंगे।"

उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर शेयर किया पोस्ट

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सर्जियो गोर के साथ मुलाकात की तस्वीरें भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर की। उन्होंने लिखा, "आज श्रीनगर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का स्वागत करके खुशी हुई। हमने जम्मू-कश्मीर और अमेरिका के बीच आपसी सहयोग को बढ़ाने और संभावनाओं को गहरा करने पर अच्छी बातचीत की। खासतौर पर पर्यटन, बागवानी और नई अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में। मैं इस सहयोग को जारी रखने और हमारी बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूँ।"

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में किसी अमेरिकी राजदूत का दौरान बहुत समय के बाद हो रहा है। 2024 में अमेरिकी सांसदों के एक दल ने कश्मीर का दौरा किया था। अब जम्मू-कश्मीर में गोर की उपस्थिति और कश्मीर को भारत का हिस्सा बताने वाले बयान के बाद इस दौरे की अहमियत बढ़ जाती है। यह सब ऐसे समय में हो रहा है, जब वाशिंगटन और इस्लामाबाद लगातार करीब आते दिख रहे हैं।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsजम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा; अमेरिकी राजदूत गोर के बयान से तिलमिला उठेगा PAK