यूपी में आंधी-तूफान से मर गए 100 से ज्यादा लोग, पुतिन समेत इन देशों ने भेजे शोक संदेश

Amit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

यूपी में आंधी-तूफान और भारी बारिश ने भीषण तबाही मचाई है, जिसमें 111 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस प्राकृतिक आपदा पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूएई ने गहरा शोक जताया है।

यूपी में आंधी-तूफान से मर गए 100 से ज्यादा लोग, पुतिन समेत इन देशों ने भेजे शोक संदेश

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 36 से 48 घंटों के दौरान लगातार बारिश, बिजली गिरने और भयंकर आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। 13-14 मई को आए इस प्राकृतिक कहर में 100 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इस भीषण त्रासदी पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत दुनियाभर के कई नेताओं ने गहरा दुख जताया है। इस भयंकर प्राकृतिक आपदा में जान-माल का काफी नुकसान हुआ है और स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार युद्ध स्तर पर काम कर रही है।

पुतिन समेत इन देशों ने भेजे शोक संदेश

इस बड़ी त्रासदी की गूंज विदेशों तक पहुंची है। दुनिया के कई प्रमुख देशों और उनके प्रतिनिधियों ने भारत के प्रति अपनी एकजुटता और दुख प्रकट किया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस चक्रवात और तूफान से हुई भारी तबाही पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। क्रेमलिन ने एक बयान में कहा कि पुतिन ने संदेश में प्राकृतिक आपदा में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल और प्रभावित लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश में चक्रवात के कारण हुई भारी जानमाल की हानि और बड़े पैमाने पर हुई तबाही पर मेरी गहरी संवेदनाएं स्वीकार करें।" पुतिन ने कहा, "कृपया पीड़ितों के परिवारों और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना और समर्थन व्यक्त करें, साथ ही इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने मैं कामना करता हूं।"

भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट के जरिए विशेष रूप से बरेली में हुए जानमाल के भारी नुकसान पर गहरा दुख और हैरानी जताई। उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए अपनी प्रार्थनाएं भेजीं।

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के विदेश मंत्रालय ने भी एक आधिकारिक बयान जारी कर भारत के साथ अपनी एकजुटता दिखाई है। उन्होंने इस भीषण तूफान के कारण हुए नुकसान और लोगों की मौत पर अपनी भावपूर्ण संवेदनाएं प्रकट की हैं।

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश से तबाही, 111 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज तूफान और भारी बारिश के कारण पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए और मकानों को नुकसान पहुंचा तथा कम से कम 111 लोगों की मौत हो गई और 72 लोग घायल हो गये। राहत आयुक्त कार्यालय ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बेमौसम बारिश, आंधी और बिजली गिरने से हुई जानमाल की हानि और क्षति का संज्ञान लिया तथा अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का निर्देश दिया।

राहत आयुक्त कार्यालय ने बृहस्पतिवार शाम जारी एक बयान में कहा, ''13 मई को खराब मौसम, तूफान, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने के कारण 26 जिलों से 111 लोगों की मौत की खबरें मिलीं। राज्य में 72 लोग घायल हुए, 170 पशु हानि और 227 घरों को नुकसान हुआ।''

इसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी संभागीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को घटनाओं को "पूरी संवेदनशीलता के साथ" सत्यापित करने और प्रभावित परिवारों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर वित्तीय सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

राहत आयुक्त कार्यालय ने कहा कि वह जिला अधिकारियों के साथ सीधे समन्वय के माध्यम से स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है और जिलों को आवश्यक धन उपलब्ध कराया जा रहा है। आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया।

कहां कितनी मौतें हुईं?

उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए और बीमा कंपनियों के साथ-साथ राजस्व और कृषि विभाग को नुकसान का सर्वेक्षण करने और सरकार को रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया। विभिन्न जिलों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार प्रयागराज में 26, भदोही में 16, फतेहपुर में नौ, बदायूं में पांच, प्रतापगढ़ में चार, चंदौली और कुशीनगर में दो-दो तथा सोनभद्र में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

प्रयागराज जिला प्रशासन के अनुसार यहां बुधवार की घटनाओं में कुल 26 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। भदोही में 16 मौतें हुई हैं। फतेहपुर में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में नौ लोगों की मौत हुई है और 16 घायल हुए हैं। प्रतापगढ़ में आंधी-तूफान और बारिश के कारण चार लोगों की मौत हुई है।

कानपुर देहात में बिजली गिरने से एक युवती सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि देवरिया में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान गई। सोनभद्र में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई। अधिकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर मकान, शेड और दीवारें गिरने से जनहानि हुई है।

(इनपुट एजेंसी)

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें