अखिलेश से दूरी, राहुल गांधी से करीबी; यूपी में किसका साथ देंगी छोटी पार्टियां
इस बार समाजवादी पार्टी ने छोटे दलों से दूरी बनाई है। ऐसे में यूपी के छोटे दल कांग्रेस पार्टी का रुख कर रहे हैं। स्वामी प्रसाद मौर्या समेत कई नेता राहुल गांधी से मिल चुके हैं। कांग्रेस पार्टी को भी योग्य उम्मीदवारों की तलाश है।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे पर गठबंधन की बात अटकी हुई है। एक तरफ समाजवादी पार्टी अपने मजबूत जनाधार का दावा करके ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि उसे आधी सीट देनी चाहिए क्यों कि अगर चुनाव लड़ा ही नहीं जाएगा तो जीत कैसे होगी। वहीं उत्तर प्रदेश की छोटी पार्टियां और कई क्षेत्रीय नेता राहुल गांधी से संपर्क साधने लगे हैं। पहले यही लोग समाजवादी पार्टी के साथ थे लेकिन अब उन्हें कांग्रेस से उम्मीद नजर आ रही है। अगर सीट शेयरिंग के मामले में यूपी में कांग्रेस अच्छी डील कर ले जाती है तो इन पार्टियों को मौका मिल जाएगा। वहीं समाजवादी पार्टी में इसकी संभावना कम है।
आधी सीटों पर कांग्रेस का दावा
अपनी जनता पार्टी के स्वामी प्रसाद मौर्या और संजय चौहान ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की। ओबीसी चौहान समुदाय में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। इसके अलावा अपना दल कामेरवादी के पंकज निरंजन ने भी कई बार कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने समाजवादी पार्टी के साथ बैठक में मांग रखी है कि उन्हें आधी सीटें मिलनी चाहिए। गौतम ने कहा, 150 सीटों की बात ही कौन करता है। हमें 200 सीटों पर इलेक्शन लड़ना है।
अखिलेश यादव ने छोटे दलों से बनाई दूरी
समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव ने छोटे दलों से दूरी बना ली है। 2022 से पहले जो भागीदारी मोर्चा बनाया गया था उसकी पार्टियां अब कांग्रेस पर ही भरोसा कर रही हैं। पंकज निरंजन तो इस मोर्चे के संस्थापक ही थे। 2017 से पहले यूपी में बीजेपी ने भी ऐसी ही रणनीति बनाई थी। उसने कई छोटी पार्टियों और अपने समुदाय पर पकड़ रखने वाले नेताओं को शामिल किया था।
समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस से कहा है कि वह ऐसे प्रत्याशी उतारे जो जीतने की क्षमता रखते हों। जानकारी के मुताबिक स्वामी प्रसाद मौर्या ने एक दर्जन सीटों की मांग रखी है। हालांकिउनका कहना है कि वह अपनी पार्टी के निशान पर ही चुनाव लड़ेंगे। वहीं कांग्रेस इससे सहमत नहीं है। कांग्रेस का कहना है कि चुनाव का निशान उसका होना चाहिए। कांग्रेस प्रभारी गौतम ने कहा कि कांग्रेस सभी 403 सीटों पर तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर काम लगभग पूरा हो चुका है। गुरुवार तक जिला और शहरों की यूनिट फाइनल हो जाएंगी। गौतम ने कहा कि कांग्रेस आधी सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है लेकिन बातचीत के आधार पर आवश्यक समझौता भी किया जा सकता है।

