राहुल-सोनिया से मिलीं उन्नाव रेप पीड़िता; बोलीं-उनकी आंखें नम थीं, PM से भी मिलना चाहती हूं
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उन्नाव बलात्कार मामले में दोषी कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा निलंबित की निंदा की थी। उन्होंने कहा था कि सेंगर को जमानत मिलना निराशाजनक एवं शर्मनाक है।

उन्नाव बलात्कार मामले में दोषी कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा निलंबित किए जाने के एक दिन बाद दुष्कर्म पीड़िता ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की है। दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के विरोध में इंडिया गेट पर प्रदर्शन के बीच पीड़िता अपनी मां के साथ सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पहुंची थीं। मुलाकात के बाद पीड़िता ने बताया है कि दोनों नेताओं ने उन्हें न्याय दिलवाने का आश्वासन दिया है और मुलाकात के दौरान दोनों की आंखें नम हो गईं थीं। पीड़िता ने यह भी कहा है कि वो प्रधानमंत्री मोदी से भी मिलना चाहती हैं।
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने के बाद पीड़िता ने कहा," उन्होंने आश्वासन दिया है कि बेटा आप परेशान मत हो। उनके आंखों में भी आंसू आ गए कि ये देश का न्याय नहीं है ये अन्याय है। उन्होंने कहा कि हम आपको न्याय दिलाएंगे...दोनों की आंखें नम थीं। मैं पीएम से भी मिलना चाहती हूं और उन्हें अपना दुख दर्द बताना चाहती हूं क्योंकि मेरा है कौन? मैं इन्ही लोगों से अपना दुख बता सकती हूं।"
दिल्ली हाईकोर्ट से सेंगर को मिली राहत
बता दें कि पीड़िता और उनकी मां पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से मिली राहत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही थीं। पीड़िता ने फैसले को अपने परिवार के लिए ‘काल’ करार देते हुए बुधवार को कहा कि वह इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगी। दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को सेंगर की उम्रकैद की सजा निलंबित कर दी और दोषसिद्धि के खिलाफ दायर उसकी अपील पर अंतिम फैसला आने तक उसे जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। इससे पहले दिसंबर 2019 में निचली अदालत ने 2017 में एक नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म मामले में सेंगर को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
पीड़िता ने उठाए सवाल
फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए पीड़िता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि उसके परिवार के सदस्यों, वकीलों और गवाहों की सुरक्षा पहले ही हटा ली गई थी और अब सेंगर की सजा निलंबित किए जाने के फैसले ने उनके डर को और बढ़ा दिया है। पीड़िता ने कहा, “ऐसे मामलों में अगर आरोपी को जमानत मिल जाती है तो देश की बेटियां कैसे सुरक्षित रहेंगी? हमारे लिए यह फैसला काल (मौत) से कम नहीं है।” पीड़िता ने दुख जताते हुए कहा, “जिनके पास पैसा होता है, वे जीतते हैं और जिनके पास पैसा नहीं होता, वे हार जाते हैं।”
राहुल गांधी ने की निंदा
वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा निलंबित किए जाने की कड़ी आलोचना की है। राहुल गांधी ने बुधवार को एक बयान में कहा है कि सेंगर को जमानत मिलना निराशाजनक और शर्मनाक है। इस दौरान राहुल गांधी ने यह भी कहा है कि इस तरह की अमानवीय घटनाओं के साथ हम एक मृत समाज बनते जा रहे हैं।

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें



