तमिलनाडु विधानसभा में अनोखी बहस: 'नागदोषम' पर थलपति विजय के मंत्री ने दिया 'जलदोषम' वाला जवाब

लाइव हिन्दुस्तान, चेन्नई
Follow us on Google News
share

तमिलनाडु विधानसभा में बुधवार को प्रश्नकाल के दौरान सांप काटने की घटनाओं को 'नाग दोषम' से जोड़कर विपक्षी डीएमके विधायक ओ पनीरसेल्वम और सत्ताधारी टीवीके सरकार के स्वास्थ्य मंत्री के बीच हंसी-मजाक भरी नोकझोंक देखने को मिली।

Tamil Nadu Assembly
तमिलनाडु विधानसभा में मजेदार नोकझोंक

तमिलनाडु विधानसभा में बुधवार को प्रश्नकाल के दौरान 'नाग दोषम' (सर्प दोष) और 'जलदोषम' (सामान्य सर्दी-जुकाम) को लेकर विपक्षी दल डीएमके और मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय सरकार के विधायकों के बीच काफी हंसी-मजाक वाली नोकझोंक देखने को मिली। प्रश्नकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके विधायक ओ पनीरसेल्वम ने राज्य के विभिन्न जिलों में सांप काटने की बढ़ती घटनाओं का हवाला दिया। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे प्रभावित क्षेत्रों में 'नाग दोषम' का असर है। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए स्वास्थ्य मंत्री से पूछा कि क्या सरकार पूजा-पाठ या धार्मिक अनुष्ठानों के जरिए इस 'दोष' को दूर करने के लिए कदम उठाएगी।

इस पर जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ केजी अरुणराज ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार वैज्ञानिक दृष्टिकोण से काम करती है और 'दोष' जैसी धारणाओं पर विश्वास नहीं करती। उन्होंने ज्योतिषीय सिद्धांत को खारिज करते हुए कहा कि राज्य सरकार केवल विज्ञान पर भरोसा करती है और फिलहाल वह केवल 'जलदोषम' (सर्दी-जुकाम) से निपट रही है, न कि 'नाग दोषम' से। मंत्री ने कहा कि यदि विधायक खुद ऐसी मान्यताओं में विश्वास करते हैं तो वे अपने निर्वाचन क्षेत्र में निजी रूप से ऐसे उपाय कर सकते हैं, लेकिन सरकार केवल वैज्ञानिक तरीके ही अपनाएगी।

इसके बाद पनीरसेल्वम ने फिर कहा कि अगर मंत्री चाहें तो वे विशेष विशेषज्ञों की व्यवस्था कर सकते हैं जो इस दोष को दूर करने के लिए अनुष्ठान कर सकें, जिस पर अरुणराज ने दोहराया कि उन्हें ऐसी प्रथाओं में न तो कोई दिलचस्पी है और न ही कोई विश्वास। बहस में हस्तक्षेप करते हुए लोक निर्माण और खेल विकास मंत्री आधव अर्जुन ने कहा कि द्रमुक पार्टी वैसे तो तर्कवादी नेता पेरियार के आदर्शों का पालन करने का दावा करती है, वो आज विधानसभा में 'दोष' की बात कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार पेरियार के आदर्शों पर चलते हुए समस्याओं का समाधान तंत्र-मंत्र के बजाय तर्कसंगत और वैज्ञानिक तरीकों से करती है।

विवाद बढ़ता देख नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन ने स्थिति को संभालते हुए स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के सदस्य का इशारा वास्तव में आम सर्दी-जुकाम ('जलदोषम') की तरफ था। उन्होंने बताया कि उपनेता प्रतिपक्ष और पूर्व मंत्री के.एन. नेहरू पिछले दो दिनों से सर्दी-जुकाम से पीड़ित हैं और पनीरसेल्वम का संदर्भ इसी से जुड़ा था।

दोनों पक्षों के बीच हुई इस तीखी लेकिन मजेदार बहस से सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही दीर्घाओं में ठहाके गूंज उठे। बाद में अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर ने हस्तक्षेप करते हुए बहस को समाप्त कराया और कहा कि इसे हल्के-फुल्के अंदाज में ही लिया जाना चाहिए।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsतमिलनाडु विधानसभा में अनोखी बहस: 'नागदोषम' पर मंत्री ने दिया 'जलदोषम' वाला जवाब