वो ठुकराए या जहन्नुम में जाए… हिजाब विवाद के बीच नीतीश के बचाव में ये क्या बोल गए केंद्रीय मंत्री? बवाल
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि कोई नियुक्ति पत्र लेने जा रहा है, तो क्या उसे अपना चेहरा नहीं दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कोई इस्लामिक देश नहीं है और नीतीश कुमार ने एक अभिभावक की भूमिका निभाते हुए नकाब हटाया था।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बीते दिनों एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मंच पर मुस्लिम युवती के चेहरे से हिजाब हटाकर विवादों में घिर गए हैं। इस बीच अब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार के बचाव में एक ऐसा बयान दे दिया है जिसपर हंगामा मच गया है। गिरिराज सिंह ने इस मामले पर एक एक सवाल के जवाब में कहा कि अब यह उस महिला पर निर्भर करता है कि वह सरकारी नौकरी को अपनाए, ठुकरा दे या 'जहन्नुम में जाए'। सिंह के इस बयान की कई विपक्षी पार्टियों की कड़ी निंदा की है।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बचाव करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने कुछ गलत नहीं किया है। केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को पटना में हुई घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “नीतीश कुमार जी ने कोई गलत काम नहीं किया है। अगर कोई नियुक्ति पत्र लेने जा रहा है, या जा रही है, तो क्या उसे अपना चेहरा नहीं दिखाना चाहिए? क्या यह कोई इस्लामिक देश है? नीतीश कुमार ने एक अभिभावक की हैसियत से नकाब हटाया।''
'वो इनकार करे, या जहन्नुम में जाए…'
गिरिराज सिंह ने आगे कहा, “जब पासपोर्ट लेने जाते हैं, तो अपना चेहरा नहीं दिखाते हैं कि नहीं? जब आप एयरपोर्ट जाते हैं, तो अपना चेहरा दिखाते हैं या नहीं? लोग पाकिस्तान और इंग्लिशस्तान की बातें करते हैं। यह भारत है। भारत में कानून का राज चलेगा। नीतीश कुमार ने सही किया।'' वहीं महिला द्वारा इस घटना के बाद नौकरी स्वीकार करने से इनकार किए जाने की खबरों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘वो इनकार करे, या जहन्नुम में जाए। ये उसकी मर्जी है।” गिरिराज सिंह की इसी टिप्पणी पर हंगामा मच गया है।
भड़के कांग्रेस सांसद
बिहार के कटिहार से कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने गिरिराज सिंह की टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की और कहा कि वह 'घटिया मानसिकता' वाले व्यक्ति हैं। तारिक अनवर ने कहा, ‘‘ ये निम्न स्तर के लोग हैं, इनकी सोच बहुत घटिया है। वे यह नहीं समझते कि हमारा देश धर्मनिरपेक्ष है। हर किसी को अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता है। जो कुछ नीतीश कुमार ने किया वह शर्मनाक और दुखद है।’’
इल्तिजा मुफ्ती ने चेताया
वहीं पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ्ती ने भी सिंह की इस टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा। इल्तिजा मुफ्ती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस आदमी के गंदे मुंह को साफ करने के लिए सिर्फ फिनाइल ही काम आएगा। हमारी मुस्लिम माताओं और बहनों के हिजाब और नकाब को छूने की हिम्मत मत करना। वरना हम मुस्लिम औरतें तुम्हें ऐसा सबक सिखाएंगी जिसे तुम और तुम्हारे जैसे लोग हमेशा याद रखोगे।’’ वहीं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ''उन्हें मानसिक बीमारी का इलाज करवाने की जरूरत है।''

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें



