स्वतंत्र भारद्वाज जिस चिराग पासवान को बता रहा था बड़ा भाई; उन्हीं ने दिया झटका, दिल्ली पुलिस में शिकायत

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली/पटना
Follow us on Google News
share

भारद्वाज ने कहा था कि मुझे हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त है और दूसरी बात, कपिल मिश्रा मेरे बड़े भाई हैं।  कपिल मिश्रा ने ही फोन किया था और मुझे छोड़ दिया गया। चिराग पासवान भी मेरे बड़े भाई हैं।

swatantra bhardwaj
स्वतंत्र भारद्वाज ने कबूल किया कि उसके हाथ में दिल्ली पुलिस का डंडा था।

हिंदुत्व 'इन्फ्लुएंसर' स्वतंत्र भारद्वाज की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध-प्रदर्शन के बाद जहां दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में ले लिया है, वहीं वह जिस केंद्रीय मंत्री को अपना बड़ा भाई बता रहा था और खुद को उनका आशीर्वाद प्राप्त बता रहा था, उसी केंद्रीय मंत्री ने अब स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। मामला हाई लाइट होने के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पासवान ने कहा, "एक व्यक्ति (स्वतंत्र भारद्वाज) ने मेरे और कई राजनेताओं के नाम का गलत इस्तेमाल किया है। ऐसे में, मैंने उनके खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है।" इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर इसके बाद भी आरोपी पर कोई कार्रवाई नहीं होती है तो ये गलत होगा।

बता दें कि CJP के विरोध प्रदर्शन और भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते समय नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद भी संसद मार्ग थाने में मौजूद थे। इन लोगों ने पुलिस से स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत भी मामला दर्ज करने और जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने कहा था कि उसे 72 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाएगा लेकिन चंद घंटों के अंदर ही भारद्वाज पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

वीडियो में भारद्वाज का कबूलनामा

दरअसल, ये पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब स्वतंत्र भारद्वाज ने एक साक्षात्कार में 20 जुलाई को संसद चलो मार्च के दौरान एक प्रदर्शनकारी छात्रा निशू आजाद के पिता के साथ मारपीट करने का दावा किया और कहा कि इसके बावजूद वह जेल नहीं गया। खुद को 'कट्टर हिंदू' बताने वाला भारद्वाज वीडियो में यह स्वीकार करते हुए देखा गया कि उसने प्रदर्शन के दौरान निशू आज़ाद के पिता संजय कुमार की "खोपड़ी फोड़ दी" और अपराध की गंभीरता के बावजूद वह जेल जाने से बच गया।

मैं पूरी रात बाहर घूमता रहा

वीडियो में भारद्वाज को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “...क्या आपको पता है कि इस अपराध में कौन सी धारा लगती है? धारा 307 । उसे 60 टांके लगे थे। उस व्यक्ति को गंभीर हालत में एम्बुलेंस से ले जाया जा रहा था। उसकी बेटी थाने के बाहर खड़ी थी और कह रही थी कि अगर उसके पिता को न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेगी लेकिन मुझे जेल तक नहीं भेजा गया। दुनिया को यह पता होना चाहिए। मैं पूरी रात बाहर घूमता रहा।”

मुझे सभी का समर्थन प्राप्त है

यूट्यूब पर उपलब्ध करीब एक घंटे के इस साक्षात्कार में भारद्वाज ने राजनीतिक संबंध होने का भी दावा किया। उसने कहा, "मुझे हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त है और दूसरी बात, कपिल मिश्रा मेरे बड़े भाई हैं। वे कहते हैं कि कपिल मिश्रा ने फोन किया और मुझे छोड़ दिया गया। चिराग पासवान मेरे बड़े भाई हैं। आप कितने नेताओं को जानती हैं? क्या आप (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी को जानती हैं? मोदी जी भी मेरे बड़े भाई हैं। मुझे सभी का समर्थन प्राप्त है।" हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस दावे का खंडन किया है कि संजय के सिर की हड्डी टूट गई थी। पुलिस ने कहा कि हाथापाई के दौरान उन्हें मामूली चोट लगी थी और उनकी शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था।

ऐसे गुंडे बख्शे न जाएं

इसी वीडियो को आधार बनाकर कॉकरोचों ने शुक्रवार को दिल्ली पुलिस पर दवाब बनाया कि स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए। CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने कहा कि दिल्ली पुलिस को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसे गुंडे बख्शे न जाएं। दास ने कहा, "स्वतंत्र भारद्वाज जैसे गुंडे जंतर -मंतर पर आए थे। क्या दिल्ली पुलिस ने उनकी पहचान नहीं की? उसने हत्या का प्रयास किया।" प्रदर्शनकारी छात्रा निशु ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि घटना के बाद उसे गालियां और बलात्कार की धमकियां दी गईं तथा उसने मामले में एक प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। उसका कहना था, ''मुझे बाहर निकलने में भी शर्म आ रही थी। कुछ हफ्तों तक मैं स्कूल नहीं जा सकी, मुझे लगता है कि हर कोई मेरे बारे में बात कर रहा है। मुझे उम्मीद है कि पुलिस कार्रवाई करेगी।''

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsबुरे फंसे स्वतंत्र भारद्वाज, चिराग पासवान ने भी पुलिस में दर्ज करा दी शिकायत