पीएम मोदी पर पड़ी नजर, दौड़कर आए और लगा लिया गले; जी-7 समिट में किसने लुटाया प्यार
जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान नेताओं के फोटो सेशन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच गर्मजोशी भरी मुलाकात देखने को मिली। इस दौरान स्टार्मर आगे बढ़कर पीएम मोदी से मिले और उन्हें गले लगाया।
फ्रांस के एवियॉन शहर में जी-7 सम्मेलन के दौरान एक दिलचस्प वाकया देखने को मिला। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गले लगाने के लिए दौड़कर आए। यह घटना जी-7 नेताओं के ग्रुप फोटो सेशन के दौरान हुई, जहां पीएम मोदी दूसरे विश्व नेताओं के साथ खड़े थे। पीएम मोदी और कीर स्टार्मर की मुलाकात का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इंटरनेट यूजर्स ने इसे भारत और ब्रिटेन के मजबूत रिश्ते की एक झलक बताया है।
पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी मंगलवार को एक दूसरे का अभिवादन किया और बातचीत भी हुई। द्विपक्षीय संबंधों में जारी तनाव के बीच 16 महीनों में दोनों नेताओं की यह पहली आमने-सामने की मुलाकात थी। मोदी और ट्रंप गर्मजोशी से हाथ मिलाते हुए दिखे और उसके बाद उन्होंने थोड़ी बातचीत भी की। दोनों नेताओं की बुधवार को सम्मेलन के इतर द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। तत्काल यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने क्या बातचीत की।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात
पिछले साल फरवरी में प्रधानमंत्री के अमेरिकी राष्ट्रपति से मिलने के लिए वॉशिंगटन जाने के बाद से मोदी और ट्रंप की यह पहली मुलाकात थी। दोनों नेताओं की बुधवार को होने वाली बैठक के दौरान द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए चल रही बातचीत और रक्षा सहयोग को बढ़ाने के लिए उठाए जा रहे कदमों सहित संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा किए जाने की उम्मीद है। यह व्यापार समझौता एक व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में एक अहम कदम साबित हो सकता है।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप पश्चिम एशिया संकट और रूस-यूक्रेन संघर्ष जैसी अहम वैश्विक चुनौतियों पर भी अपने विचार साझा कर सकते हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की पिछले महीने भारत यात्रा के बाद, दोनों पक्ष द्विपक्षीय संबंधों को फिर से बेहतर बनाने की उम्मीद कर रहे हैं। रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से उन्हें निकट भविष्य में व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया था। उन्होंने भारत को हिंद-प्रशांत को लेकर तैयार अमेरिकी नीति का आधार बताया था। ट्रंप की ओर से मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष को रोकने में अहम भूमिका निभाने के दावे किए जाने और अमेरिका की ओर से भारत पर टैक्स लगाए जाने के बाद नई दिल्ली-वाशिंगटन के रिश्तों में भारी गिरावट आई।


