'राहुल गांधी को आगे आना चाहिए', सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर कांग्रेस को उद्धव ठाकरे की नसीहत
उद्धव ठाकरे ने कहा कि 20 जुलाई को जब सीजेपी नई दिल्ली में संसद तक मार्च निकालेगी, तो उसी दिन शिवसेना (UBT) भी महाराष्ट्र में प्रदर्शन कर इस आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताएगी। मॉनसून सत्र के दौरान भी इस मुद्दे को उठाएंगे।

शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन किया। सोमवार को उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को अपने दलगत हितों से अलग रहकर इस आंदोलन के साथ खड़ा होना चाहिए। मुंबई में संवाददाता सम्मेलन में ठाकरे ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी इस आंदोलन का समर्थन करना चाहिए। साथ ही उन्होंने वांगचुक से आमरण अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि उनका जीवन बेहद कीमती है। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ कॉजपा का धरना पिछले 24 दिनों से जारी है।
सीजेपी की मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। इस वर्ष मई में हुई नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। प्रश्नपत्र लीक होने के बाद नीट की दोबारा परीक्षा पिछले महीने आयोजित की गई थी। कॉजपा का प्रदर्शन 20 जून से शुरू हुआ था। शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक 28 जून को आंदोलन में शामिल हुए और तभी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। डॉक्टरों के अनुसार, अनशन के कारण वांगचुक की तबीयत बिगड़ गई है। रविवार को डॉक्टरों ने बताया कि उनका रक्तचाप कम हो गया है और अनशन शुरू होने के बाद से उनका वजन 7.8 किलोग्राम घट चुका है।
20 जुलाई को संसद तक मार्च निकालने की घोषणा
सीजेपी ने संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन 20 जुलाई को संसद तक मार्च निकालने की घोषणा की है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को बिना किसी राजनीतिक झंडे के कॉजपा के आंदोलन का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को भी इस आंदोलन के समर्थन में आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा मांगने में कुछ भी गलत नहीं है।
'राम रक्षा' आंदोलन में हिस्सा लेंगे उद्ध ठाकरे
उद्धव ठाकरे ने कहा कि 20 जुलाई को जब कॉजपा नई दिल्ली में संसद तक मार्च निकालेगी, तो उसी दिन शिवसेना (UBT) भी महाराष्ट्र में प्रदर्शन कर इस आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताएगी। उन्होंने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संसद के मॉनसून सत्र के दौरान भी इस मुद्दे को उठाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि 18 जुलाई को वह नागपुर जाएंगे, जहां अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित हेराफेरी के विरोध में शुरू किए गए 'राम रक्षा' आंदोलन में हिस्सा लेंगे।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

