UCC कमिटी के अंदर ही बवाल; रिटायर्ड जज ने दे दिया इस्तीफा; ‘बाहरी शख्स’ वाली क्या वजह?
सरकार ने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने के नियम तैयार करने के लिए 7-सदस्यीय पैनल का गठन किया था। सुप्रीम कोर्ट की रिटायर्ड जज जस्टिस रंजना देसाई इसकी अध्यक्षता कर रही हैं। क्यों शुरू हुआ बवाल?

महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता यानी UCC लागू करने के लिए बनी कमिटी के अंदर से ही खटपट की खबरें सामने आई हैं। कमिटी की दूसरी बैठक के ठीक 2 दिन बाद इसके सदस्य बॉम्बे हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश आरसी चौहान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जस्टिस चौहान ने इसके पीछे कई बड़ी वजहें भी बताई हैं। उन्होंने जनता से फीडबैक लेने की प्रक्रिया पर असहमति जताते हुए बैठक में एक 'गैर-सदस्य' की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए।
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व जस्टिस आरसी चव्हाण ने 19 सितंबर को हुई ऑनलाइन बैठक के कुछ ही घंटों बाद अपना इस्तीफा राज्य सरकार को भेज दिया था। वहीं अब राज्य सरकार ने इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। इस्तीफे में उन्होंने कारण बताने के लिए 2 अहम मुद्दों का जिक्र किया।
‘ये कैसी फीडबैक की प्रक्रिया’
जस्टिस चव्हाण के मुताबिक, लोगों से राय लेने के लिए तैयार की गई सवालों की सूची पर चर्चा के दौरान यह कहा गया कि लोग केवल 'हां' या 'ना' में उत्तर दें ताकि डेटा विश्लेषण आसान हो। वहीं चव्हाण का कहना था कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य शादी-विवाह और लंबी कानूनी लड़ाइयों जैसी सामाजिक समस्याओं पर महाराष्ट्र की जनता की राय लेना है। ऐसे में आम सहमति बनना जरूरी होना चाहिए था। लेकिन जस्टिस चव्हाण के मुताबिक इसे केवल एक फॉर्मेलिटी की तरह सीमित कर दिया गया है।
बैठक में बाहरी शख्स की मौजूदगी?
जस्टिस चव्हाण ने आगे आरोप लगाया कि बैठक में एक ऐसा व्यक्ति मौजूद था जो कमेटी का सदस्य ही नहीं था। उनके मुताबिक गैर-सदस्य सरकारी अधिकारियों द्वारा तैयार वेबसाइट में सुधार की बात कर रहा था। चव्हाण ने सवाल उठाया कि वह व्यक्ति किस हैसियत से बैठक में शामिल था और क्या राज्य के अधिकारी खुद को इस काम के लिए सक्षम नहीं समझ रहे हैं।
SC की पूर्व जज कर रहीं अध्यक्षता
गौरतलब है कि महाराष्ट्र सरकार ने इसी साल जुलाई में राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने के नियम और सिफारिशें तैयार करने के लिए एक 7-सदस्यीय पैनल का गठन किया था। सुप्रीम कोर्ट की सेवानिवृत्त जज न्यायमूर्ति रंजना देसाई इसकी अध्यक्षता कर रही हैं। इस विवाद को लेकर फिलहाल अधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।


