ना-ना करते हो गया गठबंधन, कौन हैं असम के दो गोगोई; जो फिर हुए एक, BJP के लिए कितना खतरा?

Pramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, गुवाहाटी
share

Assam Assembly Elections: यह गठबंधन इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि पहले दोनों दलों के बीच बातचीत टूट चुकी थी। राइजोर दल ने शुरुआत में 27 सीटों की मांग की थी। बाद में इसे घटाकर 15 किया और अंततः 13 सीटों पर सहमति बन गई।

ना-ना करते हो गया गठबंधन, कौन हैं असम के दो गोगोई; जो फिर हुए एक, BJP के लिए कितना खतरा?

Assam Assembly Elections: असम विधानसभा चुनाव से पहले वहां की राजनीतिक तस्वीर तेजी से बदल रही है। लंबे समय तक कभी हां-ना तो कभी सियासी खींचतान और फिर गठबंधन से इनकार करने वाले आखिरकार राज्य के दो गोगोई अब जाकर अंतत: एकजुट हो गए हैं और मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार हो गए हैं। ये दोनों गोगोई हैं- असम कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई और क्षेत्रीय पार्टी रायजोर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई। दोनों ने गुरुवार रात गठबंधन की घोषणा की।

गठबंधन की घोषणा गौरव गोगोई और अखिल गोगोई ने संयुक्त रूप से किया। दोनों नेताओं ने मंच पर गमछा आदान-प्रदान कर एकजुटता का संदेश दिया। इस मौके पर अखिल गोगोई ने यहां तक कहा कि उनकी पार्टी अब गौरव गोगोई को असम का अगला मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करेगी। अखिल ने कहा, "आज, रायजोर दल और कांग्रेस के बीच एक सहमति बन गई है... रायजोर दल ने आज से ही गौरव गोगोई को असम का मुख्यमंत्री बनाने की दिशा में काम शुरू करने का फैसला किया है।"

सीट शेयरिंग का फॉर्मूला क्या है?

दोनों नेताओं के बीच हुए समझौते के तहत रायजोर दल राज्य की कुल 126 विधानसभा सीटों में से 13 पर चुनाव लड़ेंगे। इनमें से 2 सीटों (गौरीपुर और गोलपाड़ा ईस्ट) पर कांग्रेस के साथ “फ्रेंडली फाइट” होगी। बाकी 11 सीटें पूरी तरह राइजोर दल के खाते में गई हैं। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, कांग्रेस ने रायजोर दल के लिए जो 11 सीटें छोड़ी हैं, उनमें ढिंग भी शामिल है। यह वही सीट है जिस पर पहले असहमति के कारण बातचीत टूट गई थी। इसके अलावा इनमें मार्घेरिटा भी शामिल है, जहाँ कांग्रेस उम्मीदवार प्रतीक बोरदोलोई ने गुरुवार को अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि उनके पिता, प्रद्युत बोरदोलोई, कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हो गए थे। इन सीटों में शिवसागर भी शामिल है, जहाँ से अखिल खुद विधायक हैं और जहाँ से वे फिर से चुनाव लड़ेंगे।

क्यों अहम है यह गठबंधन?

यह गठबंधन इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पहले दोनों दलों के बीच बातचीत टूट चुकी थी। राइजोर दल ने शुरुआत में 27 सीटों की मांग की थी। बाद में इसे घटाकर 15 किया गया और अंततः 13 सीटों पर सहमति बन पाई। यह समझौता विपक्षी एकता को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

अन्य दलों का समीकरण

गुरुवार को उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी करने के साथ ही, कांग्रेस ने 101 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। असम विधानसभा की कुल 126 सीटों के लिए उसने सीटों के बंटवारे की जो व्यवस्था तय की है, उसके तहत असम जातीय परिषद 10 सीटों पर, ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस 2 सीटों पर, CPI(M) और रायजोर दल 11-11 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। दूसरी तरफ NDA में BJP 89 सीटों पर चुनाव लड़ेगी,जबकि असम गण परिषद 26 सीटों पर और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

दो दल एकला लड़ रहे चुनाव

राज्य में ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF), ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। AIUDF ने सभी 126 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। NDA का पूर्व सहयोगी, बोडोलैंड-आधारित यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल भी अकेले चुनाव लड़ रहा है और अब तक 18 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुका है।

राजनीतिक संदेश क्या है?

रायजोर दल की पकड़ मुख्य रूप से ऊपरी असम (Upper Assam) के क्षेत्रों में मजबूत मानी जाती है, जहाँ आरटीआई कार्यकर्ता रहे अखिल गोगोई के नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) विरोधी आंदोलनों का गहरा असर रहा है। हाल ही में कांग्रेस के अनुभवी विधायक अब्दुल राशिद मंडल जैसे नेताओं के रायजोर दल में शामिल होने से पार्टी की सांगठनिक ताकत और स्वीकार्यता बढ़ी है। ऐसे में कांग्रेस और राइजोर दल का यह गठबंधन साफ संकेत देता है कि विपक्ष एकजुट होकर सत्ताधारी गठबंधन को चुनौती देना चाहता है। माना जा रहा है कि क्षेत्रीय दलों की भूमिका इस चुनाव में निर्णायक हो सकती है। कुल मिलाकर असम में चुनावी मुकाबला अब और रोचक हो गया है। एक ओर सत्ताधारी एनडीए तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में है, वहीं विपक्षी गठबंधन एकजुट होकर मुकाबला मजबूत करना चाहता है और फिर सत्ता पर काबिज होना चाह रहा है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें