BJP के 2 बूथ एजेंट ने दिए थे 914 नाम काटने के आवेदन, HC ने पूछा- इसमें अपराध कहां है?
यह विवाद मल्लेश्वरम विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-7 के तहत दिए गए आवेदनों से जुड़ा है। वार्ड संख्या 64 में 778 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने के लिए आवेदन दिए गए थे।

कर्नाटक हाईकोर्ट ने शुक्रवार को बेंगलुरु के मल्लेश्वरम विधानसभा के भाजपा के दो बूथ एजेंटों (BLA) के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर अंतरिम रोक लगा दी है। इन एजेंटों पर आरोप था कि वे एसआईआर के दौरान एक विशिष्ट समुदाय के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश कर रहे थे। न्यायमूर्ति अनंत रामनाथ हेगड़े की पीठ ने याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए कहा कि यह एफआईआर समय से पहले दर्ज की गई लगती है। अदालत ने कहा कि जब तक सक्षम चुनाव अधिकारी फॉर्म-7 पर कोई अंतिम फैसला नहीं ले लेते, तब तक पुलिस जांच का कोई आधार नहीं बनता है।
यह विवाद मल्लेश्वरम विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-7 के तहत दिए गए आवेदनों से जुड़ा है। वार्ड संख्या 64 में 778 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने के लिए आवेदन दिए गए थे। वहीं, वार्ड संख्या 45 में 136 मतदाताओं के नामों पर आपत्ति जताई गई थी। आरोप लगाया गया था कि ये आवेदन उन मतदाताओं के नाम हटाने के लिए जमा किए गए थे जो अभी भी उसी क्षेत्र में रह रहे हैं।
इसमें अपराध कहां है, HC ने पूछा
इसके खिलाफ जी.एस. वसंथालक्ष्मी और दीपक सिंह आर. ने हाईकोर्ट का रुख किया था। दोनों का तर्क था कि वे एक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के अधिकृत एजेंट हैं और नियम के तहत आवेदन जमा करने का अधिकार रखते हैं। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति हेगड़े ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा, “संबंधित चुनाव अधिकारी ही इन आवेदनों पर निर्णय लेंगे। इसमें पुलिस का कोई लेना-देना नहीं है। इसमें अपराध कहां है?”
फैसला लेना चुनाव अधिकारियों का काम
वरिष्ठ अधिवक्ता एम. अरुणा श्याम ने भाजपा बूथ एजेंटों की पैरवी करते हुए कहा कि कानून के तहत फॉर्म 6, 6A, 7 और 8 के आवेदनों की जांच करना और उन पर फैसला लेना चुनाव अधिकारियों का काम है। यदि कोई व्यक्ति झूठा बयान या घोषणा करता है तो मतदाता पंजीकरण नियम 1960 (नियम 20) और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 (धारा 31) के तहत कार्रवाई का प्रावधान है।
वहीं, शिकायतकर्ता के वकील शताब्दी शिवन्ना ने आरोप लगाया कि एक साजिश के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और अनुसूचित जाति/जनजाति समुदाय के मतदाताओं को निशाना बनाकर उनके नाम हटाने की कोशिश की जा रही थी।

