विजय थलपति देंगे शुभेंदु अधिकारी को चुनौती? बंगाल में TVK का ऑफिस खुला
पश्चिम बंगाल में तामिलागा वेत्री कझगम का दफ्तर खुलने की खबर है। हालांकि, टीवीके ने ऐसा ऐलान औपचारिक रूप से नहीं किया है। ये घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहे हैं, जब टीवीके नेता और मंत्री CM सी जोसेफ विजय को अगला PM फेस बता रहे हैं।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की पार्टी TVK यानी तामिलागा वेत्री कझगम की नजरें अब दूसरे राज्यों पर भी हैं। टीवीके के नाम से एक दफ्तर की शुरुआत पश्चिम बंगाल में हुई है। हालांकि, खबरें हैं कि पार्टी ने इससे दूरी बना ली है, लेकिन आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। खास बात है कि राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है और शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री हैं।
टीवीके ने रविवार को पूर्व वर्धमान के फागूपुर में दफ्तर खोला है। साथ ही पश्चिम बंगाल में संयोजक चैताली रॉय को बनाया गया है। खबर है कि इसमें कई जिलों के कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, टीवीके ने इस फैसले से दूरी बनाई है, लेकिन 'बंगाली शुभचिंतकों' को शुभकामनाएं भी दी हैं। वेबसाइट से बातचीत में पार्टी के प्रवक्ता एसडी तुहिनसैमुअल ने कहा था कि फिलहाल टीवीके का तमिलनाडु से बाहर विस्तार का प्लान नहीं है।
तमिलनाडु से निर्देश मिलने का दावा
आज तक बांग्ला ने टीवीके नेताओं के हवाले से लिखा कि तमिलनाडु से निर्देश मिले हैं कि राज्यों में सक्रियता बढ़ाई जाए। इसके लिए सामाजिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए नेताओं से कहा गया है। इसके चलते ही बंगाल में भी संगठन विस्तार के लिए सामाजिक कार्यों को तरजीह दी जा रही है। बंगाल नेताओं का कहना है कि आने वाले दिनों में जिले के अलग-अलग हिस्सों में कार्यक्रम करने का प्लान है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चैताली रॉय ने कहा, 'पहले हम सोशल मीडिया पर प्रचार करेंगे। बाद में लोगों के लाभ और परेशानियों को सुनने के लिए जनसंपर्क पर जोर दिया जाएगा। हमारा लक्ष्य शिक्षा और नौकरी है। हम चाहते हैं कि टीवीके चुनावों में उतरे, लेकिन सब कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि बंगाल की जनता क्या चाहती है। हमारा शीर्ष नेतृत्व तय करेगा कि हम कौन से चुनाव लड़ना चाहते हैं।'
क्या विजय जाएंगे पश्चिम बंगाल
रिपोर्ट्स में रॉय के हवाले से कहा जा रहा है, 'अभी वह उपचुनावों में व्यस्त हैं। अगर सफल होते हैं, तो विजय सर जरूर आएंगे।' उन्होंने बंगाल में पार्टी के समर्थकों की संख्या 5 हजार से ज्यादा होने का दावा किया है। हालांकि, टीवीके ने औपचारिक रूप से इसे लेकर कुछ नहीं कहा है। 6 अक्टूबर को तमिलनाडु की मधुरकांतम और धारापुरम सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान होना है और 9 को मतगणना होगी।
केरल में भी TVK की अटकलें
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब तमिलनाडु से बाहर किसी राज्य में टीवीके के दफ्तर खुलने की खबरें सामने आईं हों। मई विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद केरल से भी इसी तरह की खबरें सामने आईं थीं, लेकिन टीवीके ने आधिकारिक रूप से दफ्तर खोलने की घोषणा नहीं की थी।
तब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि पार्टी समर्थकों ने वायनाड जिले में दफ्तर खोलने के लिए आवेदन दिया है। बाद में खबरें आईं कि 13 सितंबर को पलक्कड़ जिले में पार्टी का दफ्तर खोला गया है।
क्या लोकसभा चुनाव की है तैयारी
खास बात है कि ये घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहे हैं, जब टीवीके नेता विजय को प्रधानमंत्री उम्मीदवार के रूप में पेश कर रहे हैं। देश में साल 2029 में लोकसभा चुनाव होने हैं। पार्टी के नेता और मंत्री कई मौकों पर विजय को संभावित पीएम फेस बता चुके हैं, जिसके चलते कांग्रेस की तरफ से भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी।


