बुनकरों को 30 हजार रुपये, किसानों के कर्ज माफ और पुरानी पेंशन; विजय का तमिलनाडु में वादा

Apr 14, 2026 06:25 pm ISTNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

TVK चीफ व एक्टर विजय ने वादा किया कि पुरानी पेंशन योजना (OPS) को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा, 'सरकारी अधिकारियों के तबादलों को पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया जाएगा, जिससे भ्रष्टाचार और पक्षपात पर अंकुश लगेगा।'

बुनकरों को 30 हजार रुपये, किसानों के कर्ज माफ और पुरानी पेंशन; विजय का तमिलनाडु में वादा

तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक वादों की झड़ियां लगी हुई हैं। तमिलागा वेट्री कझगम (TVK) के प्रमुख व एक्टर विजय ने मंगलवार को अपनी पार्टी की एजेंडे पर विस्तार से जानकारी दी। पेराम्बुर व तिरुचिरापल्ली पूर्व विधानसभा क्षेत्रों से उम्मीदवार ने कहा कि बुनकर परिवारों को सीधे उनके बैंक खातों में 30,000 रुपये दिए जाएंगे। सभी बुनकरों को 10 लाख रुपये का बीमा कवर भी मुहैया कराया जाएगा। विजय ने किसानों के कल्याण के लिए भी बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि खेती के लिए लिए गए कर्ज को माफ किया जाएगा। किसानों को 100 प्रतिशत फसल बीमा उपलब्ध कराया जाएगा।

TVK चीफ ने वादा किया कि पुरानी पेंशन योजना (OPS) को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा, 'सरकारी अधिकारियों के तबादलों को पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया जाएगा, जिससे भ्रष्टाचार और पक्षपात पर अंकुश लगेगा।' विजय ने कहा कि टीवीके सत्ता में आने पर इन योजनाओं को प्राथमिकता देकर राज्य के बुनकरों, किसानों और सरकारी कर्मचारियों के जीवन को बेहतर बनाएगा। उन्होंने लोगों से टीवीके को एक मौका देने की अपील की ताकि तमिलनाडु में सच्चा विकास और कल्याणकारी शासन स्थापित हो सके।

DMK से सीधी टक्कर का दावा

विजय ने कहा कि भले ही दावा किया गया जा रहा है कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में चतुष्कोणीय मुकाबला है, लेकिन वास्तव में लड़ाई टीवीके और सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के बीच है। अभिनय से राजनीति में आए विजय ने कन्याकुमारी में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'यह चतुष्कोणीय या 40 कोणीय मुकाबला नहीं है। यहां केवल दो पक्ष हैं, एक टीवीके है, दूसरा द्रमुक। क्या आप जनविरोधी स्टालिन सरकार चाहते हैं, या विजय जो जनता से प्रेम करता है? यह चुनाव बस इसी बात पर आधारित है।'

टीवीके की जनसभा में शामिल होने के लिए आई भारी भीड़ के बीच विजय ने साइकिल चलाई। उन्होंने अपने पिछले चुनाव प्रचार स्थल कराईकुडी में भी लोगों से संपर्क साधने के उद्देश्य से साइकिल चलाई थी। लेकिन हालात तब बेकाबू हो गए, जब लोग उनके करीब आने की कोशिश करने लगे। कराईकुडी की घटना से सबक लेते हुए कन्याकुमारी में आयोजकों ने विजय के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया था। टीवीके प्रमुख ने जनसभा को संबोधित करते हुए प्रौद्योगिकी केंद्रित '21वीं सदी के सुशासन' एजेंडा को पेश किया और सत्ता में आने पर भारत का पहला कृत्रिम बुद्धिमत्ता मंत्रालय स्थापित करने का वादा किया।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें