‘AIADMK छोड़ने पर मिलीं भद्दी गालियां’! मंच पर रो पड़ीं TVK उम्मीदवार, विजय ने संभाला

लाइव हिन्दुस्तान
share

पी सत्याभामा को रोता देख मंच पर बगल में ही खड़े मुख्यमंत्री विजय तुरंत आगे बढ़े और उन्होंने हाथ बढ़ाकर टीवीके नेता को संभाला और उनके आंसू पोंछते हुए ढांढस बंधाया।

Vijay TVK P sathyabama
जनसभा में टीवीके उम्मीदवार पी. सत्याभामा भाषण देते समय मंच पर ही बिलख-बिलख कर रो पड़ीं।

तमिलनाडु की धारापुरम विधानसभा सीट पर होने जा रहे उप-चुनाव के प्रचार के दौरान बुधवार को एक बेहद भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री और तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के प्रमुख विजय की जनसभा में टीवीके उम्मीदवार पी. सत्याभामा भाषण देते समय मंच पर ही बिलख-बिलख कर रो पड़ीं। सत्याभामा ने ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (AIADMK) के नेताओं पर आरोप लगाया कि पार्टी छोड़ने और विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद से उनके खिलाफ अभद्र और अशोभनीय टिप्पणियां की जा रही हैं।

सत्याभामा को रोता देख मंच पर बगल में ही खड़े मुख्यमंत्री विजय तुरंत आगे बढ़े और उन्होंने हाथ बढ़ाकर टीवीके नेता को संभाला और उनके आंसू पोंछते हुए ढांढस बंधाया।

'वे भूल गए कि मैं एक महिला हूं'

मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए सत्याभामा ने भावुक होकर अपना दर्द बयां किया। उन्होंने कहा, "AIADMK के लोग मेरे लिए बेहद आपत्तिजनक और अश्लील भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। वे मेरे खिलाफ इतनी नीचता से बात कर रहे हैं, बिना यह सोचे-समझे कि मैं भी एक महिला हूं।"

सत्याभामा ने एआईएडीएमके छोड़ने की वजह का भी खुलासा किया। उन्होंने कहा कि ऐसी खबरें और चर्चाएं जोरों पर थीं कि AIADMK के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ई. पलानीस्वामी पर्दे के पीछे अपनी कट्टर विरोधी पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) के साथ गठबंधन करने की कोशिश में जुटे हैं, जिससे आहत होकर उन्होंने अन्नाडीएमके को अलविदा कह दिया।

DMK और AIADMK पर जमकर बरसे विजय

सत्याभामा को ढांढस बंधाने के बाद मुख्यमंत्री विजय ने रैली में विपक्षी पार्टियों- DMK और AIADMK पर जमकर हमला बोला।

विपक्षी दलों की तरफ से लगाए जा रहे खरीद-फरोख्त के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए विजय ने साफ कहा कि सत्याभामा ने किसी लालच में नहीं, बल्कि स्वाभिमान के लिए AIADMK और विधायक पद से पहले इस्तीफा दिया और उसके बाद पूरी निष्ठा से TVK में शामिल हुईं।

विजय ने आरोप लगाया कि डीएमके और एआईएडीएमके ने राज्य में टीवीके की सरकार बनने और उसके काम करने के प्रयासों को रोकने की पूरी कोशिश की। उन्होंने जनता से अपील की कि वे आगामी उप-चुनाव में वोट के जरिए दोनों द्रविड़ पार्टियों को करारा सबक सिखाएं।

6 अक्टूबर को वोटिंग, 9 अक्टूबर को नतीजे

तमिलनाडु की दो विधानसभा सीटों- धारापुरम और मदुरंतकम पर 6 अक्टूबर को वोटिंग होने जा रही है, जबकि वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को होगी।

क्यों हो रहा है उप-चुनाव? अप्रैल 2026 के विधानसभा चुनावों में एआईएडीएमके की टिकट पर जीत दर्ज करने वाले विधायक के.एम. कुमारवेल (मदुरंतकम) और पी. सत्याभामा (धारापुरम) ने अपनी पार्टी और विधानसभा से इस्तीफा देकर मुख्यमंत्री विजय की नई नवेली पार्टी टीवीके (TVK) का दामन थाम लिया था। इसके बाद दोनों सीटें खाली हो गईं।

टीवीके ने दोनों पूर्व विधायकों को उन्हीं की सीटों से दोबारा चुनावी मैदान में उतारा है। इस उप-चुनाव को अप्रैल में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर पहली बार सत्ता में आई टीवीके सरकार और मुख्यमंत्री विजय के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव के बड़े टेस्ट के रूप में देखा जा रहा है।

Shubham Sharma

लेखक के बारे में

Shubham Sharma
शुभम शर्मा साल 2017 से पत्रकारिता और मीडिया जगत में काम कर रहे हैं। टीवी में इनपुट असाइनमेंट से शुरुआत करते हुए डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक का अनुभव। TV9 भारतवर्ष और मनीकंट्रोल हिंदी (Network 18) जैसे बड़े संस्थानों के बाद अब लाइव हिंदुस्तान में बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर खबरों को आप तक पहुंचाने के काम कर रहे हैं। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia News‘AIADMK छोड़ने पर मिलीं गालियां’! मंच पर रो पड़ीं TVK उम्मीदवार, विजय ने संभाला